डिस्लेक्सिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने पटना के बापू टावर, बिहार विधान मंडल और सचिवालय सहित पांच प्रमुख सरकारी भवनों को लाल रोशनी से रोशन किया।
- बापू टावर, बिहार विधान मंडल और सचिवालय सहित पांच भवनों को लाल रोशनी से किया गया रोशन
कंचन क्रांति न्यूज, पटना।
डिस्लेक्सिया के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने विशेष पहल की। डिस्लेक्सिया जागरूकता माह के अवसर पर रविवार की शाम पटना के पांच प्रमुख सरकारी भवनों को लाल रोशनी से रोशन किया गया। इस पहल के जरिए लोगों को यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि सीखने की प्रक्रिया में बच्चों की अलग-अलग जरूरतों को समझना और उन्हें उचित सहयोग देना जरूरी है।
भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने बताया कि रविवार शाम सात बजे से आठ बजे तक बापू टावर, बिहार विधान मंडल, पुराना सचिवालय, विकास भवन और विश्वेश्वरैया भवन को लाल रोशनी से जगमग किया गया। विभाग की इस पहल का उद्देश्य डिस्लेक्सिया और अन्य विशिष्ट अधिगम अक्षमताओं (Specific Learning Disabilities-SLD) के प्रति लोगों में समझ विकसित करना, गलत धारणाओं को दूर करना और समावेशी समाज के निर्माण को प्रोत्साहित करना है।
क्या है डिस्लेक्सिया?
डिस्लेक्सिया एक विशिष्ट अधिगम अक्षमता है, जिसके कारण किसी व्यक्ति को पढ़ने, लिखने या शब्दों की वर्तनी समझने में कठिनाई हो सकती है। हालांकि, इसका संबंध व्यक्ति की बुद्धिमत्ता, प्रतिभा या समग्र क्षमता की कमी से नहीं है। सही समय पर इसकी पहचान, उपयुक्त शैक्षणिक सहयोग और अनुकूल वातावरण मिलने पर डिस्लेक्सिया से प्रभावित बच्चे अपनी क्षमताओं का बेहतर विकास कर सकते हैं।
हर बच्चे को मिले आगे बढ़ने का समान अवसर
भवन निर्माण विभाग की इस पहल के माध्यम से समाज को यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि सीखने के अलग-अलग तरीकों को सहजता से स्वीकार किया जाना चाहिए। किसी बच्चे को पढ़ने-लिखने में होने वाली कठिनाई के आधार पर उसे कमतर आंकना या किसी नकारात्मक पहचान से जोड़ना उचित नहीं है।
समावेशी वातावरण तैयार करने के लिए जरूरी है कि बच्चों की जरूरतों को समझा जाए, उनकी क्षमताओं को प्रोत्साहित किया जाए और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराए जाएं। सरकारी भवनों को लाल रोशनी से रोशन करने की यह पहल डिस्लेक्सिया के प्रति जागरूकता, समझ और सहयोग का प्रतीक है।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822