झरिया में भू-धंसान और जमीन को गैरआबाद घोषित किए जाने के विरोध में कोयलांचल नागरिक मंच के बैनर तले स्थानीय लोगों ने काला बिल्ला लगाकर प्रदर्शन किया। जानिए पूरी खबर।


झरिया। झरिया में लगातार बढ़ते भू-धंसान, घरों में पड़ रही दरारों और जमीनों को गैरआबाद घोषित करने के फैसले के खिलाफ स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा है। मंगलवार को 'कोयलांचल नागरिक मंच' के बैनर तले झरिया मेन रोड पर स्थानीय लोगों ने काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


प्रदर्शनकारियों का कहना है कि झरिया में आए दिन भू-धंसान की घटनाएं हो रही हैं और लोगों के घरों में गहरी दरारें आ रही हैं, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह असुरक्षित हो गया है। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा लाखों रैयतों (जमीन मालिकों) की जमीन को गैरआबाद घोषित किया जा रहा है।


मंच के सदस्यों ने खनन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कोयला खनन के दौरान सुरक्षा मानकों को दरकिनार कर भारी ब्लास्टिंग की जा रही है। खदानों में पानी, नाइट्रोजन और बालू की भराई (सैंड फिलिंग) का काम मानक के अनुसार सही तरीके से नहीं किया जा रहा है।


प्रदर्शनकारियों ने बीसीसीएल प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रबंधन जानबूझकर क्षेत्र में डर का माहौल बना रहा है। मंशा यह है कि लोग डरकर खुद झरिया छोड़कर चले जाएं, ताकि बिना उचित मुआवजा दिए जमीन के नीचे मौजूद बेशकीमती कोयले को निकाला जा सके।

स्थानीय लोगों ने स्पष्ट किया कि भारतीय संविधान में 'जीने का अधिकार' सबसे प्राथमिक अधिकार है और इस स्थिति में इसका सीधा उल्लंघन किया जा रहा है।


कोयलांचल नागरिक मंच के प्रतिनिधियों ने कहा कि मंगलवार का प्रदर्शन केवल एक प्रतीकात्मक और शांतिपूर्ण विरोध था। यदि उनकी मांगों पर संज्ञान नहीं लिया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को उग्र किया जाएगा। जल्द ही इस समस्या को लेकर केंद्रीय कोयला मंत्री, झारखंड के मुख्यमंत्री और बीसीसीएल के सीएमडी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।


इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से राजकुमार अग्रवाल, अमित साहू उर्फ दीपू साहू, रमेश अग्रवाल, डॉ. मनोज सिंह, फरीद मलिक, अवधेश साव समेत भारी संख्या में स्थानीय नागरिक और व्यापारी मौजूद रहे।


Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabur Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822