जमशेदपुर के पीएम श्री उत्क्रमित पीपुल्स अकादमी में 'क्या स्कूलों में मोबाइल बैन होना चाहिए' विषय पर डिबेट हुई। जानें बाल शिक्षा और डिजिटल अनुशासन पर छात्रों के विचार।

जमशेदपुर। बच्चों के मानसिक विकास, डिजिटल अनुशासन और उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए शनिवार को पीएम श्री उत्क्रमित पीपुल्स अकादमी (+2) विद्यालय, न्यू बाराद्वारी में एक बेहद संवेदनशील और प्रासंगिक विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। पीएम श्री योजना के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य विषय था, क्या विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए मोबाइल फोन का उपयोग पूर्णतः बंद होना चाहिए?

इस प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने अपनी सोच, तार्किक क्षमता और डिजिटल दुनिया से जुड़े अपने अनुभवों को खुलकर साझा किया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विद्यालय के प्राचार्य चन्द्रदीप पाण्डेय ने कहा कि बाल शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है। इस तरह के आयोजन बच्चों में स्वतंत्र सोच, आत्मविश्वास और सही-गलत का निर्णय लेने की क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने बताया कि डिजिटल युग में बच्चों को तकनीक से पूरी तरह काटना या उसमें पूरी तरह डूबने देना, दोनों ही नुकसानदेह हैं। ऐसे में बच्चों का खुद इसके गुण-दोषों को समझना बेहद जरूरी है।

प्रतियोगिता के दौरान कुछ विद्यार्थियों ने मोबाइल के कारण पढ़ाई में होने वाले भटकाव, सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव और एकाग्रता में कमी का हवाला देते हुए स्कूलों में इस पर पूर्ण प्रतिबंध की पैरवी की। वहीं, दूसरी ओर कई विद्यार्थियों ने शैक्षणिक मदद, ऑनलाइन जानकारी और आपातकालीन स्थिति में मोबाइल की उपयोगिता बताते हुए इसके मर्यादित एवं जिम्मेदार उपयोग का पक्ष लिया। बच्चों की इस तार्किक और परिपक्व प्रस्तुति ने निर्णायकों को काफी प्रभावित किया।

प्रतियोगिता का निष्पक्ष मूल्यांकन शिक्षिका श्रीमती सुषमा स्वयंप्रभा, डॉ. शुभेन्दु घोष तथा श्रीमती अनुपमा ने किया, जबकि मंच संचालन श्रीमती रीना कुमारी ने कुशलतापूर्वक निभाया।

प्रतिभाशाली प्रदर्शन के आधार पर सरस्वती कुमारी (कक्षा 11) ने प्रथम स्थान, प्रिया पात्रो (कक्षा 12) ने द्वितीय स्थान तथा आंचल कुमारी (कक्षा 12) ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को पुरस्कृत करने के साथ-साथ सभी सहभागी विद्यार्थियों करण महतो, सावन मुखर्जी, पुतुल कुमारी, खुशबू कुमारी, सोनम कुमारी आदि को सहभागिता प्रमाण-पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

विद्यालय प्रबंधन ने इस आयोजन को बच्चों के सर्वांगीण विकास और संवाद कौशल को निखारने की दिशा में एक प्रभावी कदम बताया।

.....................................................................................................

पीएम श्री पीपुल्स अकादमी जमशेदपुर, विद्यालय में मोबाइल बैन, बाल शिक्षा और मोबाइल, डिबेट प्रतियोगिता जमशेदपुर, स्टूडेंट मोबाइल एडिक्शन, PM Shri School Debate