रायबरेली में हलोरा के पास 40 लाख की अवैध शराब के साथ कंटेनर जब्त। चंडीगढ़ की शराब बिहार में खपाने की थी साजिश, चालक गिरफ्तार। पढ़ें पूरी खबर
कंचन क्रांति न्यूज, रायबरेली।
उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के हलोरा इलाके में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। आबकारी विभाग और महाराजगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को एक कंटेनर से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। जांच में खुलासा हुआ है कि चंडीगढ़ से लाई जा रही इस शराब को प्रतिबंधित राज्य बिहार में महंगे दामों पर बेचने की योजना थी। पुलिस ने कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया है।
महाराजगंज के क्षेत्राधिकारी (CO) प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस और आबकारी टीम ने चेकिंग के दौरान एक कंटेनर को पकड़ा, जिसमें कुल 402 पेटी अंग्रेजी शराब लदी हुई थी। बरामद शराब की कुल कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार कंटेनर चालक की पहचान मुरादाबाद के कुंदरकी क्षेत्र स्थित जलालपुर निवासी शाकिर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी चालक ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह चंडीगढ़ से सरकारी अंग्रेजी शराब लादकर उसे तस्करी कर बिहार ले जा रहा था, जहां शराबबंदी के चलते इसकी भारी मांग है और इस अवैध कारोबार से वे लोग लाखों रुपये की कमाई करते हैं।
पुलिस ने कंटेनर को सीज कर लिया है। साथ ही, इस अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह के सरगना, मुरादाबाद के गदीपुर निवासी सरताज अली की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।
रिपोर्ट: रविशंकर सिंह
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822
र