रायबरेली में बांदा-बहाइच हाईवे पर ट्रक की टक्कर से स्कूली छात्र की मौत। आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर ब्रेकर बनवाने की मांग की। कंचन क्रांति न्यूज पर पढ़ें पूरी रिपोर्ट
रविशंकर सिंह, रायबरेली।
रायबरेली जिले के बांदा-बहाइच हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से घायल हुए 10 वर्षीय स्कूली छात्र की लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। छात्र की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार दोपहर बांदा-बहाइच हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस के समझाने और हाईवे पर ब्रेकर बनवाने के आश्वासन के बाद करीब आधे घंटे बाद जाम समाप्त हो सका।
स्कूल से लौट रहे थे भाई-बहन, ट्रक ने मारी टक्कर
मनउखेड़ा गांव निवासी राजेश कुमार का 10 वर्षीय बेटा इंद्रपाल कक्षा 5 में और बड़ी बेटी आशा (15) कक्षा 9 की छात्रा है। बुधवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों भाई-बहन साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के पास हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन आनन-फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने इंद्रपाल को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। बुधवार देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार सुबह गमगीन माहौल में गांव में ही उसका अंतिम संस्कार किया गया।
ब्रेकर नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
अंतिम संस्कार के बाद बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने गांव के पास हाईवे पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि हाईवे पर ब्रेकर न होने के कारण वाहन बेहद तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिसके चलते यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। हर सप्ताह किसी न किसी के घायल होने या जान गंवाने की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन संबंधित विभाग इस और ध्यान नहीं दे रहा है।
पुलिस का बयान और कार्रवाई
मौके पर पहुंचे सीओ महाराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया है। ग्रामीणों की मांग के अनुसार जल्द ही गांव के पास हाईवे पर ब्रेकर बनवाया जाएगा। पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक को भी पकड़ लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम
मृतक इंद्रपाल के पिता राजेश कुमार लखनऊ में मजदूरी करते हैं। इंद्रपाल उनका इकलौता बेटा था। उसकी अचानक मौत से पिता, मां रामकुमारी और बहनें आशा व पुष्पा का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित परिवार ने लापरवाह ट्रक चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
..........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822