रायबरेली के हरचंदपुर में खुले नाले में 55 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। शरीर पर 'जय माता' और त्रिशूल का टैटू है। पुलिस शिनाख्त में जुटी।

कंचन क्रांति न्यूज, रायबरेली।

जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पूरे मोहरी मजरे गुल्लूपुर गांव के पास एक खुले नाले में 55 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खबर लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

हाथों पर बने टैटू से पहचान की कोशिश

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान के लिए उसके शरीर पर बने निशानों को मुख्य आधार बनाया गया है। उसके दाहिने हाथ पर गोदना (टैटू) से 'जय माता' लिखा हुआ है, जबकि बाएं हाथ पर त्रिशूल का चिह्न बना हुआ है। पुलिस ने इन निशानों के आधार पर आसपास के थानों में सूचना भेज दी है।

सीओ महाराजगंज प्रदीप कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि लाश कहीं और से बहकर यहां तक पहुंची है।

शंका है कि नाले में गिरने से इस व्यक्ति की मौत हुई है। यह नाला बाराबंकी से होते हुए यहां तक आया है। इसलिए, बाराबंकी पुलिस से संपर्क कर शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 प्रदीप कुमार, सीओ महाराजगंज

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

 .............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822