रायबरेली में पिछले तीन दिन की बारिश से अगेती धान की फसल खेतों में बिछ गई, जिससे 25 फीसदी तक नुकसान की आशंका है। उड़द और तिल की फसलें भी प्रभावित। पढ़ें पूरी रिपोर्ट
रविशंकर सिंह, रायबरेली।
पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश ने रायबरेली के अन्नदाताओं की मेहनत पर पानी फेर दिया है। तेज हवा और बारिश के कारण कटाई के लिए पूरी तरह तैयार अगेती धान की फसल खेतों में बिछ गई है। स्थिति यह है कि लगातार नमी के चलते धान के दाने काले पड़ने और फसल के सड़ने का खतरा मंडराने लगा है। किसानों के अनुसार, इस प्राकृतिक मार से धान की 25 फीसदी से अधिक फसल के नुकसान का अनुमान है, साथ ही उड़द और तिल की फसलें भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
जिले में इस बार एक लाख 60 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में धान की रोपाई की गई है। महराजगंज, बछरावां, हरचंदपुर, जगतपुर, ऊंचाहार और अमावां ब्लॉक क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अगेती धान की खेती होती है। यहाँ के किसानों के लिए यह बेमौसम बारिश आफत बनकर आई है।
महराजगंज तहसील के कुसुड़ी सागरपुर गांव के किसान राज बहादुर, शिव किशोर और रामसमुझ ने बताया कि फसल पूरी तरह पक चुकी थी, लेकिन हवा-पानी से वह जमीन पर लेट गई है। जिन खेतों में पानी भर गया है, यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ तो फसल सड़ जाएगी, जिससे पैदावार और गुणवत्ता दोनों प्रभावित होंगी। इसके अलावा, खेतों में अधिक नमी के कारण तैयार खड़ी उड़द और तिल की फसल को भी भारी नुकसान की आशंका है।
जलभराव से आम जनजीवन भी अस्त-व्यस्त
चौथे दिन रविवार को बारिश तो थम गई, लेकिन जलभराव ने लोगों की मुश्किलें कम नहीं कीं। बछरावां सीएचसी के कर्मचारियों के आवासों तक में पानी घुस गया। इसके अलावा शहर के नया पुरवा, सोनिया नगर, गल्ला मंडी, आजाद नगर और फातिमा नगर में जलभराव की स्थिति बनी रही। स्थानीय नागरिकों दिनेश यादव और संतराम वर्मा ने बताया कि घरों और सड़कों पर पानी भरा होने से भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ईओ स्वर्ण सिंह ने बताया कि जलकल विभाग की टीम को भेजकर पानी की निकासी कराई जा रही है।
72 घंटे के भीतर दें सूचना
जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय ने स्थिति की पुष्टि करते हुए बताया कि जिले के कुछ हिस्सों में हवा और बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचा है। फसल नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है और प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा। जिला कृषि अधिकारी ने बीमित किसानों के लिए निर्देश जारी किया है कि आपदा की इस स्थिति में किसान 72 घंटे के भीतर टोल-फ्री नंबर 14447 पर कॉल करके इसकी सूचना जरूर दर्ज कराएं।
...........................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822