रांची / धनबाद। धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) के दिन जल्द ही बदलने वाले हैं। राज्य सरकार ने एसएनएमएमसीएच को राष्ट्रीय चिकित्सा शिक्षा मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए 197 करोड़ रुपये के व्यापक पुनर्विकास योजना को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है।


स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के अनुसार, यह महत्वाकांक्षी परियोजना राज्य योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2029-30 के दौरान चरणबद्ध तरीके से चार वर्षों में पूरी की जाएगी।


इस पुनर्विकास योजना का मुख्य उद्देश्य मेडिकल कॉलेज में भविष्य की स्वास्थ्य और शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करना है:

एमबीबीएस सीटें: 100 से बढ़ाकर 250 की जाएंगी।

पीजी सीटें: 16 से बढ़ाकर 200 होंगी।

सुपर स्पेशलिटी (पोस्ट पीजी): 50 सीटें नई विकसित की जाएंगी।


बजट का विवरण:

कुल स्वीकृत राशि: ₹197 करोड़

इन्फ्रास्ट्रक्चर व पुनर्विकास: ₹194.73 करोड़

आधुनिक मशीनें एवं उपकरण: ₹2.30 करोड़

राशि का खर्च चार वर्षों में किया जाएगा। पहले और अंतिम वर्ष 20-20% तथा बीच के दो वर्षों में 30-30% राशि खर्च करने का प्रावधान है।


परियोजना के तहत फैकल्टी और चिकित्सकों के लिए 13 मंजिला आधुनिक बहुमंजिला आवासीय भवनों (प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और सहायक प्राध्यापकों के लिए) का निर्माण होगा। इसके साथ ही सीनियर रेजिडेंट्स और सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स के लिए 'पोस्ट पीजी रेजिडेंस ब्लॉक' भी बनाया जाएगा।

परिसर को आधुनिक बनाने के लिए उच्चस्तरीय फर्नीचर, आधुनिक विद्युत व्यवस्था, प्लंबिंग, एडवांस अग्निशमन प्रणाली और अन्य तकनीकी सुविधाएं शामिल की गई हैं।

नए निर्माण के लिए स्थान बनाने हेतु परिसर में मौजूद पुराने और अनुपयोगी भवनों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा। इनमें पुराना ओपीडी (OPD) भवन, पुराने मोर्चरी एवं पोस्टमार्टम भवन, अन्य परित्यक्त और जर्जर संरचनाएं शामिल हैं।

इन भवनों को ध्वस्त कर एक सुरक्षित, आधुनिक और कार्यकुशल मेडिकल कैंपस तैयार किया जाएगा, जिससे धनबाद और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।