देवघर के एसबीआई आरसेटी में 3 अक्टूबर 2026 से गाय पालन और डेयरी फार्मिंग का 12 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण शुरू। ग्रामीण युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार का शानदार मौका। जानें पूरी जानकारी और संपर्क नंबर।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर। 

क्रांति न्यूज के लिए देवघर से कंचन की रिपोर्ट। जिले में ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देशानुसार, जिले में ग्रामीण स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एसबीआई आरसेटी (SBI RSETI) देवघर में गाय पालन एवं डेयरी फार्मिंग पर आधारित 12 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत 03 अक्टूबर 2026 से होने जा रही है।

कौन ले सकता है हिस्सा?

आरसेटी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, देवघर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के ऐसे युवक एवं युवतियां/महिलाएं जिनकी आयु 18 से 45 वर्ष के बीच है और जो खुद का कोई रोजगार शुरू करना चाहते हैं, वे इस प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह कार्यक्रम ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत संचालित किया जाता है, जिसकी दैनिक समयावधि 8 घंटे निर्धारित है और इस दौरान प्रशिक्षणार्थी की उपस्थिति अनिवार्य होगी।

प्रशिक्षणार्थियों को मिलने वाली निःशुल्क सुविधाएं

इस 12 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने वाले ग्रामीण युवाओं को सरकार की ओर से कई प्रकार की सुविधाएं बिल्कुल मुफ्त दी जा रही हैं। प्रशिक्षण, भोजन तथा छात्रावास पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इसके साथ कॉपी, किताब, कलम, ड्रेस और अन्य आवश्यक प्रशिक्षण सामग्री संस्थान द्वारा प्रदान की जाएगी।

प्रशिक्षण में भाग लेने के इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन के समय पहचान/पात्रता प्रमाण के रूप में राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बीपीएल कार्ड या एसएचजी (स्वयं सहायता समूह) मेंबर कार्ड में से कोई एक होना जरूरी है। इसके अलावा आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज 5 फोटो और बैंक पासबुक की छायाप्रति देनी होगी।

संस्थान की ओर से यह सलाह दी गई है कि सभी इच्छुक अभ्यर्थी प्रशिक्षण शुरू होने की निर्धारित तिथि से पहले ही अपना पंजीकरण (Registration) सुनिश्चित करा लें, ताकि दस्तावेजों से जुड़ी किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके और प्रशिक्षण का संचालन सुचारू रूप से हो सके। इसके लिए प्रशिक्षण स्थल ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), रोहिणी रोड, देवघर तय किया है।

...........................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com