वासेपुर स्थित भूली मोड़ पर बाइक सवार अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर सनसनी फैला दी। इस हमले में गैंगस्टर फहीम खान के भाई शानू खान, एक महिला और एक दुकानदार घायल हो गए। घटना के पीछे कुख्यात प्रिंस खान गैंग का हाथ होने की आशंका है। पूरी खबर पढ़ें डिजिटल फॉर्मेट में।
धनबाद। वासेपुर के भूली मोड़ पुल के नीचे सोमवार को दिन में बेखौफ अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। इस दुस्साहसिक वारदात को उस समय अंजाम दिया गया जब बाजार में अच्छी-खासी चहल-पहल थी। बाइक पर सवार होकर आए दो अपराधियों के मुख्य निशाने पर कुख्यात गैंगस्टर फहीम खान का भाई शानू खान था। इस गोलीबारी में शानू खान के अलावा खरीदारी करने आई एक महिला और एक स्थानीय दुकानदार भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर नया बाजार की ओर से आए थे और वारदात के तुरंत बाद वासेपुर की दिशा में फरार हो गए। इस सनसनीखेज हमले के पीछे कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके भाई गोपी खान का हाथ होने का गहरा संदेह जताया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वासेपुर भूली मोड़ पुल के नीचे फहीम खान का भाई शानू खान एक दुकान के बाहर खड़ा था। इसी दौरान एक अपाचे या अन्य बाइक पर दो संदिग्ध युवक वहां पहुंचे। बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि पीछे बैठे शूटर का चेहरा खुला हुआ था।
शूटर ने बाइक पर बैठे-बैठे ही शानू खान को टारगेट करते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस अचानक हुए हमले में एक गोली शानू खान के बाएं हाथ में जा लगी। गनीमत यह रही कि वारदात के वक्त बगल में खड़े अफरोज नामक व्यक्ति ने अपनी सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए शानू की जान बचा ली, अन्यथा एक बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
अपराधियों की अंधाधुंध फायरिंग सिर्फ शानू तक सीमित नहीं रही। उनकी गोलियों की चपेट में दो अन्य बेकसूर लोग भी आ गए। इनमें कुमकुम (पांडरपाला निवासी): महिला भूली मोड़ पर खरीदारी करने आई थीं, जिन्हें हमलावरों की एक गोली कमर के पिछले हिस्से में लग गई। वासेपुर नीचे मुहल्ला मस्जिद के पास निवासी सद्दाम भूली मोड़ पर दुकान चलाने वाले सद्दाम की कमर में गोली लगी है, जिससे उनकी किडनी भी जख्मी हो गई है। उनकी स्थिति फिलहाल काफी गंभीर बनी हुई है।
घटना के तुरंत बाद शानू को पहले भूली मोड़ स्थित नामधारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से बेहतर इलाज के लिए उन्हें असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल दुकानदार सद्दाम को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। घायल महिला कुमकुम का उपचार नामधारी अस्पताल में ही किया जा रहा है।

दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस फोर्स तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाने शुरू किए।
अपराधियों की पहचान और उनकी धर-पकड़ के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है। इस पूरी जांच प्रक्रिया में डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर प्रकाश सोय, बैंक मोड़ थाना प्रभारी असित कुमार और सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत कुमार के साथ-साथ पुलिस महकमे की टेक्निकल सेल के अधिकारी व जवान भी मुस्तैदी से जुटे हुए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को चिन्हित कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822