श्रावणी मेला 2026 के तहत देवघर के घोरमारा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई। उड़नदस्ता दल ने 1060 किलो संदिग्ध पेड़ा जेसीबी से कराया नष्ट। दुकानदारों को सख्त निर्देश।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने घोरमारा क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया। जिला प्रशासन द्वारा गठित उड़नदस्ता दल ने क्षेत्र की कई पेड़ा दुकानों का सघन निरीक्षण किया।
अभियान के तहत माँ दुर्गा पेड़ा भंडार, संदीप पेड़ा शॉप, पीहू पेड़ा भंडार और आशीष फास्ट फूड की जांच की गई। अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत दुकानों में स्वच्छता, निर्माण व भंडारण व्यवस्था और लाइसेंस से संबंधित दस्तावेजों को परखा। दुकानदारों को तय मानकों का पालन करने और गुणवत्तापूर्ण सामग्री बेचने का सख्त निर्देश दिया गया।
जेसीबी से नष्ट कराया गया पेड़ा

निरीक्षण के दौरान ओमजी पेड़ा भंडार से पूर्व में जब्त किए गए 1060 किलोग्राम संदिग्ध पेड़े को जेसीबी मशीन की मदद से नष्ट करा दिया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि दूषित पेड़े का दोबारा उपयोग या बाजार में बिक्री रोकने के लिए यह कदम नियमानुसार और विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में उठाया गया।
नियम उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार पूरी मेला अवधि में यह निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। मिलावटी, अवमानक या असुरक्षित खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने कारोबारियों को स्वच्छता बनाए रखने और बिना वैध लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन के व्यापार न करने की सख्त हिदायत दी है। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की मिलावट की सूचना तत्काल विभाग को दें।
………………………………………………………………………….
देवघर न्यूज, श्रावणी मेला 2026, घोरमारा पेड़ा, खाद्य सुरक्षा विभाग देवघर, फूड सेफ्टी रेड देवघर, देवघर मिलावटखोरी, Shravani Mela 2026 Deoghar
