जमुई के सिकंदरा में 17 बिजली पोलों से 11 हजार वोल्ट के तार चोरी मामले का खुलासा। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर कबाड़ दुकान से तार और विद्युत उपकरण बरामद किए।
प्रवीण कुमार दुबे, सिकंदरा (जमुई)।
जमुई जिले के सिकंदरा में बिजली तार चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सिकंदरा-पोहे मुख्य मार्ग पर हुई इस चोरी की घटना में चोरों ने 17 बिजली पोलों से 11 हजार वोल्ट के एल्युमीनियम तार काट लिए थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों में से एक की कबाड़ दुकान की तलाशी के दौरान चोरी के तार और बिजली विभाग में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बीते 25 सितंबर को चोरों ने मुरारी चौक के समीप 15 बिजली पोलों से तथा नदी के पास स्थित दो अन्य पोलों से 11 हजार वोल्ट के एल्युमीनियम तार काट लिए थे। इसके अलावा बिजली पोलों पर लगे कई विद्युत उपकरण भी चोरी कर लिए गए थे। घटना के बाद बिजली विभाग की शिकायत पर सिकंदरा थाना में कांड संख्या 263/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, तीन आरोपित गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जमुई के नेतृत्व में सिकंदरा पुलिस और जिला आसूचना इकाई की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम ने 25 अक्टूबर को तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर बिजली तार चोरी की घटना के संबंध में पूछताछ की।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सिकंदरा पुरानी चौक निवासी राहुल कुमार, लछुआड़ थाना क्षेत्र के सरसा निवासी मुहम्मद आलम और जमुई थाना क्षेत्र के हरनाहा निवासी मुकेश साह के रूप में हुई है।
पुलिस ने मुकेश साह की कबाड़ दुकान की तलाशी ली, जहां से चोरी के तार और बिजली विभाग में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण बरामद किए गए। पुलिस बरामद सामान के संबंध में आगे की जांच कर रही है।
आठ किलो कंडक्टर समेत कई उपकरण बरामद
पुलिस की कार्रवाई के दौरान आठ किलोग्राम कंडक्टर, 20 फीट एबी केबल, डिस्क इंसुलेटर, पोस्ट इंसुलेटर, विभिन्न प्रकार के क्लैंप और एलटी बस बार समेत कई विद्युत उपकरण बरामद किए गए।
इस कार्रवाई में सिकंदरा थाना के पुलिस अधिकारियों, जिला आसूचना इकाई के सदस्यों और सशस्त्र बल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। बिजली तारों और उपकरणों की चोरी से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई को चोरी की घटना की जांच और चोरी के सामान की बरामदगी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822