आगामी दीपावली और छठ महापर्व को लेकर देवघर नगर निगम अलर्ट मोड में है। अपर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में 51 छठ घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर तीन निरीक्षण दलों का गठन किया गया है।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
दीपावली एवं लोक आस्था के महान पर्व 'छ छठ' को लेकर देवघर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शहर में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में आज (26 अक्टूबर 2026) अपर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यालय के सभागार में स्वच्छता शाखा की एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के कड़े निर्देश दिए गए।
तीन विशेष निरीक्षण दलों का गठन
छठ घाटों पर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी के लिए नगर निगम ने पुख्ता कदम उठाया है। बैठक में नगर प्रबंधकों और फूड सह सेनेटरी इंस्पेक्टरों को शामिल करते हुए तीन विशेष निरीक्षण दलों का गठन किया गया है। ये सभी दल अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों और वार्डों के छठ घाटों का प्रतिदिन निरीक्षण करेंगे। साथ ही, साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं की अद्यतन रिपोर्ट सीधे अपर नगर आयुक्त को सौंपेंगे, जिससे कमियों को तुरंत दूर किया जा सके।
पहुंच पथों का समतलीकरण : सभी छठ घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों (पहुंच पथों) को दुरुस्त और समतल किया जाएगा।
स्ट्रीट लाइट : घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तुरंत क्रियाशील करने के निर्देश दिए गए हैं।
सफाई और जलकुंभी हटाना : घाटों के आसपास फैली झाड़ियों की कटाई और तालाबों/नदियों से जलकुंभी हटाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
चेंजिंग रूम : व्रतियों की सुविधा और उनकी निजता (Privacy) का पूरा ध्यान रखते हुए सभी प्रमुख घाटों पर अस्थायी चेंजिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे।
कुल 51 छठ घाटों पर रहेगी पैनी नजर
देवघर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न जलाशयों और तालाबों के किनारे कुल 51 छठ घाटों को चिह्नित किया गया है, जहाँ हर साल की तरह इस बार भी हजारों व्रती अर्घ्य देंगे। इन सभी 51 घाटों पर सुचारू सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कार्यालय स्तर से पहले ही कार्यादेश (Work Order) जारी किए जा चुके हैं।
नगर निगम का मुख्य उद्देश्य इस लोक आस्था के महापर्व पर सभी चिह्नित घाटों को पूरी तरह स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है, ताकि देवघर आने वाले किसी भी श्रद्धालु या व्रती को असुविधा का सामना न करना पड़े। निगम प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी निष्ठा से कार्य करने का निर्देश दिया है।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822