सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले जिला परिषद प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो की गोली मारकर हत्या। शराब कारोबार के विरोध का मामला, ग्रामीणों का हंगामा और पुलिस पर पथराव। पूरी खबर पढ़ें।
कंचन क्रांति न्यूज, सीतामढ़ी।
सीतामढ़ी जिले के डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया-रामपट्टी चौक के पास पथरिया श्मशान के निकट शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले जिला परिषद प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक सवार चार बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए करीब आठ गोलियां दागीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बैद्यनाथ महतो जिला परिषद के वार्ड संख्या 13 की सदस्य दिलखुश देवी के पति थे।
शराब के विरोध के चलते रंजिश
ग्रामीणों के अनुसार, गांव का ही रहने वाला त्रिभुवन कुशवाहा उर्फ एजाज अवैध शराब की सप्लाई का धंधा करता था। बैद्यनाथ महतो इस अवैध कारोबार का कड़ा विरोध करते थे और उसे धंधा बंद करने की चेतावनी देते थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी रंजिश के कारण उनकी हत्या की गई है।
परिजनों ने बताया कि गत 28 अगस्त को भी बैद्यनाथ महतो पर जानलेवा फायरिंग की गई थी। इस मामले में डुमरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस की लापरवाही के कारण आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। चार दिन पूर्व ही जिला परिषद से जुड़े लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर डुमरा थाने का घेराव भी किया था।
घटना के बाद भारी हंगामा और पुलिस पर पथराव
सरेआम हुई इस सनसनीखेज हत्या के बाद इलाके में तनाव फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्या के मुख्य आरोपी बताए जा रहे त्रिभुवन कुशवाहा के घर में आग लगा दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिले के 12 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी और एसडीएम ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।
इस दौरान उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इस पथराव में इंस्पेक्टर अनिल राम के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि दो अन्य दरोगा को भी ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा।
पुलिस प्रशासन की कार्रवाई
घटना के बाद गांव में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822