झारखंड के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है। देवघर के मेयर रवि राउत, बीजेपी नेताओं और कर्मचारी संघों ने गिरिडीह पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
रविवार की सुबह झारखंड के लिए एक स्तब्ध करने वाली खबर लेकर आई। राज्य के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से पूरा प्रदेश हतप्रभ है। इस दुखद सूचना से देवघरवासी भी बेहद मर्माहत हैं। अभी हाल ही में आयोजित सावन मेला के उद्घाटन समारोह में सुदिव्य कुमार सोनू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। उनके असमय चले जाने से देवघर के राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक गलियारों में गहरा शोक व्याप्त है।

दुम्मा में सावन मेला 2026 का दीप जलाकर उद्घाटन करते सुदिव्य कुमार सोनू
मेयर रवि राउत ने गिरिडीह स्थित आवास पर दी भावभीनी श्रद्धांजलि
देवघर के मेयर रवि राउत ने अत्यंत भारी हृदय से गिरिडीह स्थित मंत्री के आवास पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मेयर ने कहा, विश्वास ही नहीं हो रहा कि जन-जन की आवाज, सादगी और संघर्ष की प्रतिमूर्ति सोनू भैया अब हमारे बीच नहीं रहे। नगर विकास और राज्य की प्रगति को लेकर उनका दृष्टिकोण, स्नेहपूर्ण मार्गदर्शन और सहयोग हम सभी के लिए एक बड़ी ताकत था। उनका असमय जाना न केवल झारखंड की राजनीति, बल्कि हम सभी के लिए अपूरणीय व्यक्तिगत क्षति है।
राजनीतिक विचारधारा से अलग थे व्यक्तिगत संबंध : चंद्रशेखर खवाड़े

भारतीय जनता पार्टी के नेता चंद्रशेखर खवाड़े ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि राजनीतिक विचारधारा और दल भले ही अलग हों, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि का असमय निधन पूरे सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को हमेशा सम्मानपूर्वक याद किया जाएगा। खवाड़े ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
अनुबंध कर्मियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में शोक
झारखंड राज्य अनुबंध कर्मचारी महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने महासचिव सुशील कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में गिरिडीह पहुंचकर स्व. सोनू के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया। उन्होंने कहा कि सोनू झारखंड की राजनीति में एक ब्रॉड विजनरी लीडर के रूप में विख्यात थे।

माला देवी (प्रदेश अध्यक्ष, झा.रा.आं.से.स.संघ) एवं राखी देवी (प्रदेश महासचिव) ने कहा कि सोनू जी आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं और कर्मियों के सच्चे मसीहा और शुभचिंतक थे। उनके निधन से राज्य को बड़ी क्षति हुई है।
मनरेगा कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष महेश सोरेन ने कहा कि वे अनुबंध कर्मियों के सच्चे हमदर्द थे। उन्हीं के प्रयासों से आंगनबाड़ी और सहायक अध्यापकों की सेवा शर्त नियमावली बनी और मानदेय में वृद्धि हुई। उन्होंने सरकार और संघ के बीच हमेशा सेतु का काम किया।
शोक व्यक्त करने वालों में महेश सोरेन, सीता तिग्गा, सायनारा खातून, पम्पा मल्लाह, रूबी कुमारी, सोमा महतो, प्रकाश महतो, रीता शर्मा, चंदन कुमारी, सुषमा देवी, अमला देवी, कोयल उरांव, वंदना घोष, प्रमिला यादव, अकिदन निशा, कृष्णा आचार्य, विद्या राय सहित दर्जनों कर्मचारी शामिल थे।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822