सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कटैया निर्मली चौक पर तेज रफ्तार कार ने कीर्तन कर रहे चार लोगों को कुचल दिया। हादसे में चारों की मौत, दो घायल। आक्रोशित लोगों ने किया एनएच जाम।
सुपौल। जिले के पिपरा प्रखंड अंतर्गत एनएच-327ई स्थित कटैया निर्मली चौक पर मंगलवार की रात एक तेज रफ्तार कार ने कहर बरपाया। अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे झूलन पर्व के अवसर पर कीर्तन कर रहे लोगों को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस भीषण हादसे के बाद इलाके में कोहराम मच गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच को जाम कर दिया।
झूलन कीर्तन के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच कटैया चौक स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप दर्जनों ग्रामीण झूलन को लेकर कीर्तन में शामिल थे। इसी दौरान पिपरा से सुपौल की ओर जा रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार (संख्या- BR 01 HN 3926) ने अनियंत्रित होकर वहां बैठे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले सभी चारों लोग कटैया गांव के ही निवासी थे। मृतकों की पहचान भुवनेश्वर यादव (निवासी- वार्ड 11), तीलाय दास, उम्र 65 वर्ष (निवासी- वार्ड 12), राजो दास, उम्र 40 वर्ष (निवासी- वार्ड 12) और सुरेन यादव, उम्र 35 वर्ष (निवासी- वार्ड 15) के रूप में हुई है। इस दुर्घटना में कटैया वार्ड 11 निवासी कुशेश्वर यादव और रामचंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
आक्रोशित भीड़ ने चालक को घेरा
घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया है, जबकि घायलों को भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने कार चालक को पकड़कर एक मृतक राजो दास के घर में बंद कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी चालक सुपौल का ही रहने वाला है और वह अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ सुपौल लौट रहा था। पुलिस चालक को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटी है, लेकिन लोगों का आक्रोश अभी भी बना हुआ है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
...........................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822