वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर गोड्डा के ललमटिया में विद्या भारती द्वारा भव्य आयोजन। 2500 से अधिक छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने किया सामूहिक गायन। जानिए पूरी खबर।

जितेंद्र कुमार दुबे, गोड्डा।

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के नमामि भारतम अभियान के तहत शुक्रवार को सिदो कान्हू सरस्वती विद्या मंदिर, ललमटिया के प्रांगण में भव्य सामूहिक गायन का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में लगभग ढाई हजार छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और गणमान्य लोगों ने एक साथ मिलकर वंदे मातरम् का गान किया।

अतिथियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और शहीदों को किया नमन

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि ललमटिया थाना प्रभारी रोशन कुमार सिंह, एसआई शंकर प्रसाद यादव, विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव निशु टिबड़ेवाल, संतलाल लोहार और प्रधानाचार्य राकेश सिन्हा ने संयुक्त रूप से पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं अमर शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर नमन करते हुए की। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के पश्चात राष्ट्रगान 'जन गण मन' का भी पूरे सम्मान के साथ गान किया गया।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य "एक स्वर, एक भाव, एक भारत" के संकल्प को साकार करना है, ताकि देश के जन-जन में राष्ट्रीयता की भावना और अधिक प्रबल हो सके तथा भारत पुनः विश्व गुरु के रूप में उभरे।

वंदे मातरम् करोड़ों भारतीयों के बलिदान का प्रतीक: प्रधानाचार्य

विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश सिन्हा ने संबोधित करते हुए कहा कि विद्या भारती के तत्वावधान में पूरे देश में यह आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् कोई साधारण गीत नहीं, बल्कि यह पिछले 150 वर्षों की भारत की संघर्ष यात्रा और करोड़ों भारतीयों के त्याग व बलिदान के पवित्र भाव को अपने में समेटे हुए है। वर्तमान समय जन-जागरण का है। हमें अपनी आने वाली पीढ़ी को इस पुण्य गीत से जोड़कर उन्हें भारत माता के प्रति श्रद्धावान बनाना होगा।

इन स्थानों पर भी हुआ सामूहिक गायन

सिदो कान्हू सरस्वती विद्या मंदिर ललमटिया प्रबंधन समिति के सचिव निशु टिबड़ेवाल, अध्यक्ष सच्चिदानंद सिंह और प्रधानाचार्य राकेश सिन्हा के कुशल मार्गदर्शन में यह भव्य आयोजन न केवल ललमटिया बल्कि लोहण्डिया, महगामा दुर्गा मंदिर प्रांगण, लीलातरी दुर्गा मंदिर प्रांगण, बलबड्डा, सुरनी, कुसुमघाटी, मधूरा और घोषीचक गांवों में भी व्यापक स्तर पर संपन्न हुआ।

कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित बनाने में विद्यालय के आचार्यों, शिक्षकों, स्थानीय समाजसेवियों और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने अहम भूमिका निभाई।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822