विशाखापट्टनम के एक निजी स्कूल में होमवर्क चेकिंग के दौरान शिक्षिका द्वारा थप्पड़ मारे जाने के बाद 6 साल के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


आंध्र प्रदेश। विशाखापट्टनम के एक निजी स्कूल से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां क्लासरूम में होमवर्क चेक कराने के दौरान शिक्षिका द्वारा कथित तौर पर थप्पड़ मारे जाने के बाद 6 साल के एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


क्लासरूम में क्या हुआ?

वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि किंडरगार्टन (केजी) का छात्र अपनी स्लेट लेकर टीचर के डेस्क के पास अन्य बच्चों के साथ कतार में खड़ा था। होमवर्क चेकिंग के दौरान बच्चा काफी परेशान दिख रहा था और रोते हुए अपने हाथ हिला रहा था। वीडियो के अनुसार, टीचर ने बच्चे की यूनिफॉर्म पकड़ी, उसे अपनी ओर खींचा और कथित तौर पर उसे एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। थप्पड़ लगते ही मासूम कुछ पलों के लिए शांत खड़ा रहा और फिर अचानक बेहोश होकर सीधे टीचर की गोद में गिर पड़ा। इसके बाद घबराई शिक्षिका बच्चे को होश में लाने का प्रयास करती नजर आ रही है।


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके। वायरल वीडियो और स्कूल परिसर के सीसीटीवी फुटेज को सबूत के तौर पर जब्त कर लिया गया है। संबंधित शिक्षिका और स्कूल प्रशासन से पूछताछ की जा रही है।


इस दुखद घटना के बाद से ही बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने दोषी शिक्षिका के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।



Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822