वाल्मीकि व्याघ्र परियोजना के गोनौली रेंज स्थित नारायणा गांव में गन्ने के खेत से निकले जंगली भालू ने बुजुर्ग पर हमला कर जख्मी कर दिया। पढ़ें कंचन क्रांति न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट।

कंचन क्रांति न्यूज़, बेतिया।

 वाल्मीकि व्याघ्र परियोजना (VTR) वन प्रमंडल-2 के वनवर्ती गांवों में इन दिनों जंगली जीवों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। पिछले कुछ महीनों से क्षेत्र में वन्यजीवों की चहलकदमी और हमलों की घटनाओं में इजाफा हुआ है। इसी कड़ी में शुक्रवार की शाम बगहा-2 प्रखंड के गोनौली रेंज के समीप स्थित नारायणा गांव में एक जंगली भालू ने 62 वर्षीय बुजुर्ग हृदया पांडेय पर अचानक हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हृदया पांडेय अपने घर से बाहर शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान गन्ने के खेत में छिपे एक जंगली भालू ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। हालांकि, बुजुर्ग ने गजब का हौसला और सूझबूझ दिखाते हुए शोर मचाया, जिससे वे अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। इस दौरान भालू के हमले से वे आंशिक रूप से जख्मी हो गए। उनका इलाज एक स्थानीय निजी क्लीनिक में चल रहा है।

घटना के संबंध में गोनौली वन क्षेत्र के रेंजर राजकुमार पासवान ने बताया कि गन्ने के खेत से निकलकर भालू ने हृदया पांडेय पर हमला किया था, जिसमें उनके हाथ और पेट में मामूली चोटें आई हैं। वन विभाग ने क्षेत्र के लोगों को विशेष सतर्कता और एहतियात बरतने की सलाह दी है।

 .............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822