राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दूसरे दिन बाबानगरी देवघर में 1.05 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया। जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा 24x7 हाई-टेक स्वच्छता और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 के शुभारंभ के साथ ही बाबानगरी देवघर में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं (कांवरियों) का आगमन निरंतर जारी है। मेले के दूसरे दिन अहले सुबह 04:13 बजे से बाबा भोलेनाथ के मंदिर में जलार्पण की शुरुआत हुई। पूरे दिन श्रद्धालुओं का अपार उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

दूसरे दिन कुल 1,05,179 श्रद्धालुओं ने बाबा धाम में जलार्पण किया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं के तहत:


  1. · आंतरिक अर्घा से: 81,985 श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया।
  2.  बाह्य अर्घा के माध्यम से: 19,472 भक्तों ने जल चढ़ाया।
  3.  शीघ्र दर्शनम प्रणाली से: 3,722 श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन एवं पूजन किए।


ग्रीन और स्मार्ट श्रावणी मेला 2026

लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देशानुसार देवघर नगर निगम श्रद्धालुओं को सुलभ, स्वच्छ, सुरक्षित और दुर्गंधमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए 24 घंटे (24x7) अलर्ट मोड पर कार्यरत है।

मेला क्षेत्र में स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ अत्याधुनिक तकनीकों, विशेष वाहनों और हाई-टेक उपकरणों का बड़े पैमाने पर उपयोग किया जा रहा है।


नगर निगम की प्रमुख अत्याधुनिक व्यवस्थाएं:

चलंत (मोबाइल) शौचालय: कांवरिया रूट और संपूर्ण मेला क्षेत्र में जगह-जगह आधुनिक चलंत शौचालयों की व्यवस्था की गई है, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हाई-प्रेशर जेटिंग मशीन: शौचालयों, परिसरों और मुख्य सड़कों की त्वरित एवं कीटाणुरहित धुलाई के लिए शक्तिशाली वाटर जेटिंग/वॉशिंग मशीनें लगाई गई हैं, जिससे कम समय और कम पानी में प्रभावी सफाई सुनिश्चित हो रही है।

पोर्टेबल प्रेशर वाशर: मंदिर परिसर के आसपास, संकीर्ण गलियों, होल्डिंग पॉइंटों और शेडों की गहराई से सफाई के लिए पोर्टेबल हाई-प्रेशर वाशिंग गन और पावर वाशर का इस्तेमाल किया जा रहा है।

फॉगिंग एवं सैनिटाइजेशन वाहन: संक्रामक बीमारियों की रोकथाम तथा मक्खी-मच्छरों से बचाव हेतु विशेष फॉगिंग वाहनों (मोपेड व थ्री-व्हीलर आधारित) के माध्यम से लगातार कीटनाशक दवाओं और धुएं का छिड़काव किया जा रहा है।

 

ब्लीचिंग पाउडर व चूने का छिड़काव: कांवरिया पथ, टेंट सिटी और मुख्य संपर्क मार्गों के किनारे नगर निगम के सफाई मित्रों द्वारा दिन-रात ब्लीचिंग पाउडर एवं चूने का छिड़काव किया जा रहा है, जिससे वातावरण पूरी तरह दुर्गंध रहित बना रहे।

वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन: सूखा और गीला कचरा अलग-अलग एकत्रित करने के लिए पूरे मेला परिसर में रंगाधारित (Color-coded) डस्टबिन स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा पेयजल आपूर्ति और धुलाई कार्यों के लिए ट्रैक्टर-टैंकरों की निरंतर आवाजाही बनी हुई है।

 सात जोनों में बंटा शहर, 3 शिफ्टों में तैनात सफाई मित्र

शहर और मेला क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए पूरे परिसर को सात जोनों में विभाजित किया गया है। सैकड़ों सफाई मित्रों की तैनाती की गई है, जो तीन अलग-अलग शिफ्टों में 24 घंटे मुस्तैद रहकर सफाई, सैनिटाइजेशन और कचरा निष्पादन का कार्य कर रहे हैं।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि राजकीय श्रावणी मेला 2026 में देवघर नगर निगम हाई-टेक मशीनों और 24x7 मुस्तैद सफाई-दूतों के बल पर बाबानगरी आने वाले सभी श्रद्धालुओं को एक स्वच्छ, सुरक्षित और दिव्य माहौल देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

..........................................................................................

राजकीय श्रावणी मेला 2026, देवघर श्रावणी मेला, बाबानगरी देवघर जलार्पण, देवघर नगर निगम स्वच्छता, कंचन क्रांति, देवघर समाचार, कांवरिया पथ व्यवस्था