बिहार में छात्रों की शिकायतों के समाधान के लिए 'विद्यार्थी सहयोग पोर्टल' लॉन्च किया गया। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 15 अक्टूबर से राज्य में खनन कार्य शुरू करने की घोषणा की।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, पटना।

 

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए 'विद्यार्थी सहयोग पोर्टल' तथा हेल्पलाइन नंबर 1100 का शुभारंभ किया। जे०डी० वीमेंस कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से छात्रों की शैक्षणिक और छात्रावास संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान होगा। पोर्टल पर दर्ज शिकायतों पर 10 दिनों में कार्रवाई शुरू न होने पर 11वें दिन मुख्यमंत्री कार्यालय से स्वतः नोटिस जारी होगा और 30 दिनों के भीतर निवारण किया जाएगा। इसके अलावा, हर महीने के चौथे मंगलवार को शिक्षण संस्थानों में 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' लगाए जाएंगे तथा 25 अगस्त से विशेष अभियान शुरू होगा।

 

उच्च शिक्षा के विस्तार पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 211 नए डिग्री कॉलेज खोले जा रहे हैं तथा 551 स्थानों पर मॉडल स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं।

 

बिहार में खनिज संसाधनों का होगा सदुपयोग, 5 लाख करोड़ के निवेश का लक्ष्य

एक अन्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कोयला एवं खान मंत्रालय द्वारा आयोजित वर्कशॉप का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि बिहार के 44 माइनिंग ब्लॉकों में से 28 का सर्वे कार्य आगे बढ़ चुका है और 15 अक्टूबर से राज्य में खनन कार्य शुरू करने की पहल होगी। खनिजों से मिलने वाली रॉयल्टी का इस्तेमाल जनता के हित में किया जाएगा। राज्य सरकार का लक्ष्य नवंबर तक 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश को हासिल करना है। उन्होंने निवेशकों को बिहार में निर्भीक होकर निवेश करने का आमंत्रण दिया।

 ..........................................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822