धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र स्थित ईसीएल चापापुर आउटसोर्सिंग में कोयला चोरी रोकने गई सीआईएसएफ और सुरक्षा टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस घटना में 6 जवान घायल और 4 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पूरी रिपोर्ट पढ़ें।
धनबाद। धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ईसीएल मुगमा एरिया के चापापुर ओसीपी (आउटसोर्सिंग) में रविवार सुबह तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। कोयला चोरी रोकने के उद्देश्य से मुगमा मुख्यालय से पहुंची सीआईएसएफ और ईसीएल सिक्योरिटी की संयुक्त टीम पर स्थानीय ग्रामीणों ने उग्र हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में सुरक्षा बल के छह जवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए मुगमा क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना में सिक्योरिटी टीम व जवानों के चार गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद तब शुरू हुआ जब रामकनाली गांव की एक बुजुर्ग महिला आउटसोर्सिंग परियोजना के पास स्थित झाड़ियों से लकड़ी काटने गई थीं। आरोप है कि मौके पर मौजूद सीआईएसएफ जवानों ने उन्हें रोक लिया और उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। इस घटना की खबर जैसे ही आसपास के गांवों में फैली, ग्रामीण आक्रोशित होकर बड़ी संख्या में घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए और सुरक्षा बलों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने सीआईएसएफ और कंपनी की सुरक्षा टीम को चारों तरफ से घेर लिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान चार बोलेरो समेत कुल छह वाहनों के शीशे पूरी तरह तोड़ दिए गए और उन्हें भारी क्षति पहुंचाई गई। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि सुरक्षा कर्मियों को कुछ समय के लिए बंधक बना लिया गया।
मुगमा एरिया के सिक्यूरिटी ऑफिसर रूपेश कुमार मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ग्रामीणों के अचानक हुए हमले में टीम के छह सदस्य घायल हुए हैं और कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन मामले को शांत कराने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर सक्रिय हो गया है। फिलहाल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822