गड़ैया रेलवे हॉल्ट के पास हाथियों का झुंड पटरी पार करने के कारण नई दिल्ली-भुवनेश्वर तेजस राजधानी एक्सप्रेस को हजारीबाग रोड स्टेशन पर 10 मिनट तक रोका गया। रेलवे की सतर्कता से बड़ा हादसा टला।


सरिया। नई दिल्ली से भुवनेश्वर जा रही डाउन तेजस राजधानी एक्सप्रेस को गुरुवार सुबह हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन पर करीब 10 से 12 मिनट तक आपात स्थिति में रोकना पड़ा। गड़ैया रेलवे हॉल्ट के पास हाथियों का एक बड़ा झुंड रेल पटरी पार कर रहा था, जिसके चलते वन्यजीवों और ट्रेन यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए धनबाद रेल कंट्रोल के निर्देश पर यह कदम उठाया गया।


घटना सुबह करीब 5:55 बजे की है। गड़ैया हॉल्ट के समीप हाथियों के झुंड को पटरी पार करते देख एक अन्य ट्रेन के लोको पायलट ने तुरंत इसकी सूचना चिचाकी स्टेशन मास्टर को दी। चिचाकी स्टेशन से यह जानकारी धनबाद रेल कंट्रोल रूम को भेजी गई। उस समय डाउन लाइन पर तेजस राजधानी एक्सप्रेस उसी रेलखंड से गुजरने वाली थी। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम ने हजारीबाग रोड स्टेशन के अधिकारियों को अलर्ट किया और ट्रेन को रोकने का निर्देश दिया।


हजारीबाग रोड स्टेशन पर ट्रैफिक विभाग ने तेजस राजधानी के चालक को स्थिति से अवगत कराया और ट्रेन को स्टेशन पर ही खड़ा कर दिया गया। रेलवे कर्मी हाथियों के सुरक्षित रूप से जंगल में जाने की सूचना का इंतजार करते रहे। करीब 6:00 बजे जब यह पुष्टि हो गई कि हाथियों का झुंड पटरी पार कर सुरक्षित निकल गया है, तब अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों की आवाजाही हरी झंडी देकर शुरू कराई गई।

गड़ैया हॉल्ट के पास वन्यजीवों की आवाजाही अक्सर देखी जाती है। जून 2023 में इसी स्थान पर देर रात करीब 12 बजे एक मालगाड़ी की चपेट में आने से एक विशालकाय हाथी की दर्दनाक मौत हो गई थी। उस घटना के बाद हाथियों का झुंड आक्रामक होकर पटरी के आसपास जमा हो गया था, जिससे रेल कर्मचारी भयभीत हो गए थे। उस समय अप और डाउन लाइन पर करीब 8 घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा था। बाद में हाथी का शव क्रेन की मदद से उठाकर ट्रैक के पास ही दफनाया गया था।


समय रहते मिली सूचना और रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता के कारण इस बार एक बड़ा हादसा टल गया। रेलवे प्रशासन का कहना है कि हाथियों के मूवमेंट वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाती है।


Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822