हंसडीहा-भागलपुर रेलखंड पर डांड़े और पांडे टोला हॉल्ट के बीच पटरी पर रखी जनरेटर ट्रॉली से गोड्डा-भागलपुर पैसेंजर ट्रेन टकरा गई। पढ़ें पूरी खबर विस्तार से
दुमका। झारखंड के दुमका जिले के हंसडीहा-भागलपुर रेलखंड पर बुधवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। डांड़े हॉल्ट और पांडे टोला हॉल्ट के बीच रेलवे ट्रैक पर पहले से रखी एक जनरेटर ट्रॉली से गोड्डा-भागलपुर पैसेंजर ट्रेन जा टकराई। इस अचानक हुई टक्कर के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हंसडीहा-भागलपुर रेलखंड पर डांड़े और पांडे टोला हॉल्ट के बीच ट्रैक पर कोई कार्य चल रहा था या लापरवाही के कारण जनरेटर ट्रॉली वहीं पटरी पर ही छूटी रह गई थी। इसी दौरान गोड्डा से भागलपुर की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन वहां से गुज़र रही थी और ड्राइवर को समय पर ट्रॉली नहीं दिखी, जिससे ट्रेन सीधे उससे जा टकराई। टक्कर इतनी अचानक थी कि ट्रेन में बैठे यात्रियों को तेज झटका लगा, जिससे वे घबराकर अपनी सीटों से उठ खड़े हुए।
इस घटना ने भारतीय रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और मैदानी स्तर पर तैनात रेलकर्मियों की कार्यशैली व सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रथम दृष्टया इसे रेलवे कर्मचारियों की भारी लापरवाही माना जा रहा है। सवाल यह उठ रहा है कि जब ट्रैक पर ट्रेन का परिचालन हो रहा था, तब ट्रैक को पूरी तरह साफ और सुरक्षित क्यों नहीं रखा गया था?

गनीमत यह रही कि इस टक्कर में किसी भी यात्री के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। ट्रेन को कितना नुकसान पहुंचा है, इस संबंध में भी फिलहाल रेलवे की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और यात्रियों में रोष देखा जा रहा है। रेलवे प्रशासन अब इस मामले की जांच कर रहा है कि आखिर किसकी लापरवाही से यह जनरेटर ट्रॉली पटरी पर मौजूद थी और इस पर क्या कार्रवाई की जाती है, यह देखना बाकी है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822
