मेरठ: जिले के जानीखुर्द थाना क्षेत्र से दो युवतियों के प्रेम संबंध का एक अनोखा मामला सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि दोनों सहेलियों ने पहले आपस में शादी कर ली थी। बाद में परिजनों ने उनमें से एक युवती की दिल्ली निवासी युवक से शादी करा दी। शादी के करीब एक सप्ताह बाद दूसरी युवती पुलिस के साथ उसकी ससुराल पहुंची और उसे अपने साथ वापस ले आई।
जानकारी के अनुसार, जानी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली दोनों युवतियां लंबे समय से एक-दूसरे के करीब थीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों ने कुछ समय पहले एक-दूसरे को जीवनसाथी मानते हुए साथ रहने का फैसला किया था। जब इसकी जानकारी परिवार वालों को हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया और जल्दबाजी में एक युवती की शादी दिल्ली के एक युवक से करा दी।
बताया जा रहा है कि अपनी सहेली से अलग होने के बाद दूसरी युवती ने पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद वह पुलिस टीम के साथ दिल्ली स्थित अपनी सहेली की ससुराल पहुंची। वहां दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। इसी दौरान युवती अपनी सहेली को अपने साथ लेकर वापस लौट आई। हालांकि, पुलिस की ओर से इस पूरे घटनाक्रम को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
घटना के बाद दोनों परिवारों में नाराजगी का माहौल है। परिजनों ने इस मामले पर सार्वजनिक रूप से कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि अब उनका इन युवतियों से कोई संबंध नहीं है।
यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों युवतियां आगे साथ रहेंगी या इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की ओर से भी इस संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

