देवघर के मोहनपुर प्रखंड स्थित आगेय गांव में नाली निर्माण के बाद भी जलजमाव की समस्या। प्राथमिक विद्यालय जाने वाले बच्चों और ग्रामीणों को परेशानी, स्थायी जल निकासी की मांग।

विकास कुमार, देवघर।

देवघर जिले के मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत आगेय गांव में नाली निर्माण के बावजूद जलजमाव की समस्या बनी हुई है। गांव के दोनों टोलों में नाली का निर्माण कराया गया है, लेकिन पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था नहीं होने से पप्पू कुमार दास के घर के आसपास पानी जमा हो रहा है। इससे उनके परिवार के सदस्यों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीणों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है। स्थिति यह है कि प्राथमिक विद्यालय आगेय आने-जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को भी इस समस्या से जूझना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, नाली निर्माण का उद्देश्य जल निकासी की समस्या दूर करना और लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना था, लेकिन जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण निर्माण के बाद भी परेशानी बरकरार है। जलजमाव के कारण रास्ते से गुजरना मुश्किल हो रहा है। खासकर विद्यालय जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को प्रतिदिन इसी रास्ते से होकर विद्यालय जाना पड़ता है। ऐसे में रास्ते को सुरक्षित और आवागमन योग्य बनाना जरूरी है।

इस समस्या को लेकर पप्पू कुमार दास ने नाराजगी जताते हुए कहा कि विकास कार्य का वास्तविक उद्देश्य आम जनता को सुविधा देना है, न कि उनके सामने नई समस्याएं खड़ी करना। नाली का निर्माण तभी उपयोगी है, जब उसके पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी के साथ उनका व्यक्तिगत विवाद नहीं है। उनकी मांग पूरी तरह जनहित से जुड़ी है। बच्चों की सुरक्षा और ग्रामीणों का सुचारु आवागमन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने ग्राम पंचायत चकरमा के जनप्रतिनिधियों, संबंधित विभाग के पदाधिकारियों और प्रखंड प्रशासन से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेकर स्थल निरीक्षण कराया जाए। साथ ही जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करते हुए नाली के पानी की उचित निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों और विद्यालय जाने वाले बच्चों को राहत मिल सके।

इस संबंध में पंचायत के मुखिया अजय कुमार दास से बातचीत करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके बाहर रहने के कारण उनसे संपर्क नहीं हो सका। ग्रामीण पप्पू कुमार दास ने संबंधित जिम्मेदार लोगों से जल्द पहल करने की अपील की है। उनका कहना है कि प्राथमिक विद्यालय आगेय तक जाने वाले रास्ते को आवागमन योग्य बनाने के लिए जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करना आवश्यक है। अब देखना है कि पंचायत और प्रखंड प्रशासन इस समस्या के समाधान के लिए कब तक ठोस कदम उठाते हैं।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822