देवघर जिला क्रिकेट संघ की ए डिवीजन प्रतियोगिता में सोनेट क्रिकेट क्लब ने अंगद क्रिकेट क्लब को 23 रन और डीसीए ब्लैक ने आरसीए को 40 रन से हराया।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
देवघर जिला क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित ए डिवीजन क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत बुधवार को दो मुकाबले खेले गए। केकेएन स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में सोनेट क्रिकेट क्लब ने अंगद क्रिकेट क्लब को 23 रनों से पराजित किया। वहीं, जसीडीह के चटर्जी मैदान में खेले गए दूसरे मुकाबले में डीसीए ब्लैक ने आरसीए को 40 रनों से हराकर जीत दर्ज की। दोनों मुकाबलों में बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।
सोनेट क्रिकेट क्लब ने 23 रनों से दर्ज की जीत
केकेएन स्टेडियम में सोनेट क्रिकेट क्लब और अंगद क्रिकेट क्लब के बीच मुकाबला खेला गया। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए सोनेट क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 35 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए। टीम की ओर से महेंद्र ने 69 गेंदों पर शानदार 66 रन की पारी खेली। वहीं, हर्षित मिश्रा ने 63 गेंदों का सामना करते हुए 52 रन बनाए, जबकि गौरव ने महज 28 गेंदों पर 44 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
अंगद क्रिकेट क्लब की ओर से अमन और सुमित ने प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अंगद क्रिकेट क्लब की टीम 31.2 ओवर में 196 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अमन ने 35 गेंदों पर 44 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। सोनेट क्रिकेट क्लब की ओर से सत्यम, राजनीत और हर्षित मिश्रा ने दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस तरह सोनेट क्रिकेट क्लब ने 23 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

डीसीए ब्लैक ने आरसीए को 40 रनों से हराया
दूसरा मुकाबला जसीडीह स्थित चटर्जी मैदान में आरसीए और डीसीए ब्लैक के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए डीसीए ब्लैक की टीम ने 34 ओवर में अपने सभी विकेट गंवाकर 195 रन बनाए। आरसीए की ओर से कृष यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट चटकाए। आयुष श्रीवास्तव ने दो और आशू मिश्रा ने एक विकेट हासिल किया।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीए की टीम 29.2 ओवर में 155 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से शेषमणि ने 29 रन, हृतिक पानेरी ने 28 रन और कृष यादव ने 25 रन का योगदान दिया। हालांकि, अन्य बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सके।
डीसीए ब्लैक की ओर से क्षितिज और अनुज शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि शुभम अर्पित ने दो विकेट चटकाए। इस तरह डीसीए ब्लैक ने 40 रनों से मुकाबला जीत लिया।
दोनों मुकाबलों में अंपायर की भूमिका में केकेएन स्टेडियम में इफ्तिखार शेख और इमरान अंसारी मौजूद रहे, जबकि स्कोरर की जिम्मेदारी अभय वर्मा ने निभाई। वहीं, जसीडीह के चटर्जी मैदान में अभिषेक आनंद और शैलेश दुबे ने अंपायर तथा तरुण कुमार राय ने स्कोरर की भूमिका निभाई।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822