भाजपा एससी मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रंजय भारती का देवघर में स्वागत किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने और झारखंड में भाजपा की सरकार बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति (एससी) मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रंजय भारती के देवघर आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष सचिन रवानी एवं एससी मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजेंद्र दास ने अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष के साथ पहुंचे प्रदेश प्रवक्ता शंकर रजक का भी कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष रंजय भारती ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनका आगमन कार्यकर्ताओं के बीच संगठन को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से हुआ है। उन्हें पूरा विश्वास है कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और एकजुटता के बल पर झारखंड में फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं का सहयोग जरूरी है। उन्होंने मोर्चा के कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने इस दौरान एससी मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन की गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की और संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक प्रभावी बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने स्वागत संबोधन के माध्यम से प्रदेश अध्यक्ष रंजय भारती का अभिनंदन किया। उन्होंने संगठन के प्रति कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता और सक्रियता को पार्टी की ताकत बताते हुए प्रदेश नेतृत्व को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस मौके पर जिला अध्यक्ष सचिन रवानी, एससी मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेंद्र दास, प्रदेश प्रवक्ता शंकर रजक, जिला महामंत्री सुनीता सिंह, सुलोचना देवी, ओंकार दास, पंकज सिंह भदौरिया, सचिन सुल्तानिया, धनंजय तिवारी, सावित्री देवी, विनीता पासवान, संतोष पासवान, अनीता पासवान, मंजू पासवान, प्रमोद दास, अशोक दास सहित एससी मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822