भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह का देवघर में स्वागत किया गया। जिला कार्यालय में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर किया अभिनंदन।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह के देवघर आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। बाबा बैद्यनाथ की नगरी पहुंचने पर भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष सचिन रवानी और किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष विश्वनाथ रमानी ने अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया। वहीं, जिले एवं किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ देकर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।

स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास से ही पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।

वहीं, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष विश्वनाथ रमानी ने अर्जुन सिंह को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा कि अर्जुन सिंह की मेहनत और संगठन के प्रति समर्पण का ही परिणाम है कि पार्टी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में किसान मोर्चा संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत होगा।

अपने संबोधन में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज जिस मुकाम पर पहुंची है, उसके पीछे कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और समर्पण है। कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग और सामूहिक प्रयास से किसान मोर्चा को एक सशक्त एवं प्रभावी संगठन बनाया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी कार्यकर्ताओं का साथ और सहयोग उनके कार्यकाल को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रांत उपाध्याय, जिला अध्यक्ष सचिन रवानी, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष विश्वनाथ रमानी, अधीर चंद्र भैया, सचिन कुमार सुल्तानिया, तूफान महथा, पंकज सिंह भदौरिया, सुबोध राय, सुलोचना देवी, विनीता पासवान, संतोष पासवान, अमृत मिश्रा, प्रदीप वर्मा, महेंद्र वर्मा सहित भाजपा एवं किसान मोर्चा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822