कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

पर्व-त्योहार के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट और अस्वच्छता पर रोक लगाने के लिए देवघर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत शहर के विभिन्न मिठाई दुकानों, होटलों, रेस्टोरेंट और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए मिलावटी एवं अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराया। वहीं, अस्वच्छ परिस्थितियों में लड्डू का निर्माण किए जाने पर हरि किशुन साह लेन स्थित एक प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हरि किशुन साह लेन, कोर्ट रोड, जटाही मोड़ और तिवारी चौक सहित शहर के विभिन्न इलाकों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान बबलू कुमार केशरी के हरि किशुन साह लेन स्थित लड्डू निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया गया। यहां से बूंदी लड्डू और बेसन लड्डू के दो नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी गई लगभग 10 लीटर चाशनी को मौके पर ही नष्ट कराया गया। लड्डू निर्माण में स्वच्छता मानकों का पालन नहीं किए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

इसी क्रम में केशरिया स्वीट्स में 12 लीटर एक्सपायर्ड मेधा दूध के दो पैकेट पाए गए। विभागीय टीम ने इन्हें मौके पर नष्ट कराते हुए प्रतिष्ठान संचालक को नोटिस जारी किया। वहीं, तिवारी चौक स्थित एक छोले-भटूरे के स्टॉल पर छोले में अखाद्य रंग का इस्तेमाल पाया गया। इस पर कार्रवाई करते हुए लगभग छह किलोग्राम छोले को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

अभियान के दौरान गणेश मिष्ठान भंडार, श्री गणेश भोजनालय, किशोर गुजराती डोसा, चुलबुल मोमोज स्टॉल, देवघर वेज मंचूरियन, मोमो वाला, द फेमस बिग रोल, तिवारी जी का दुकान और मधुरम स्वीट्स सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया। यहां पनीर, मिठाई, चटनी, मसाले, सांभर, आलू मसाला और सॉस सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की जांच की गई।

खाद्य कारोबारियों को मानकों का पालन करने की हिदायत

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल का इस्तेमाल करने, खाद्य पदार्थों को स्वच्छ परिस्थितियों में तैयार एवं संग्रहित करने तथा वैध खाद्य लाइसेंस के साथ ही कारोबार संचालित करने की हिदायत दी गई।

विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया कि पर्व-त्योहार के दौरान आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन, शैलेश कुमार यादव एवं अंजलि विवा मिंज सहित अन्य कर्मी शामिल थे।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822