लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर डिडौली गांव के पास हुआ हादसा, सुबह सड़क किनारे मृत मिला वन्यजीव; पुलिस ने वन विभाग को दी सूचना

रविशंकर सिंह, रायबरेली।

रायबरेली जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर एक दुर्लभ वन्यजीव बारासिंघा की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना मंगलवार की देर रात डिडौली गांव के पास इंद्र कुमार सिंह की मार्केट के सामने हुई। आशंका जताई जा रही है कि सड़क पार करने के दौरान किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बारासिंघा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वन्यजीव उछलकर सड़क किनारे जा गिरा और गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसकी मौत हो गई। बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे उसका शव देखा तो इलाके में चर्चा फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात के अंधेरे में बारासिंघा सड़क पार करने की कोशिश कर रहा होगा। इसी दौरान वह किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से निकल गया। सुबह जब ग्रामीणों की नजर मृत वन्यजीव पर पड़ी तो पहले उन्हें कुछ समझ नहीं आया। नजदीक जाकर देखने पर उसकी पहचान बारासिंघा के रूप में हुई।

मंदिर से लौट रहे ग्रामीणों ने देखा मृत बारासिंघा



डिडौली गांव के ग्रामीण रामधनी सिंह और बुद्धन्नी सिंह ने बताया कि वे मंदिर में दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे पड़े वन्यजीव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह बारासिंघा है। ग्रामीणों के मुताबिक, यह वन्यजीव आमतौर पर आसानी से देखने को नहीं मिलता। ऐसे दुर्लभ वन्यजीव की सड़क हादसे में मौत होने से लोगों ने दुख जताया।

जंगलों में कमी से वन्यजीवों के सामने बढ़ रही चुनौती

स्थानीय लोगों ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि लगातार बढ़ते शहरीकरण और जंगलों की कटाई के कारण वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास प्रभावित हो रहे हैं। जंगलों में रहने और भोजन की उपलब्धता कम होने से वन्यजीव भोजन की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों और सड़कों की ओर आने को मजबूर होते हैं। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से उनकी जान जाने का खतरा बढ़ जाता है।

उन्होंने आशंका जताई कि बारासिंघा भी भोजन की तलाश में सड़क पार कर रहा होगा और इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। यह घटना वन्यजीवों की सुरक्षा और उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण की जरूरत को भी रेखांकित करती है।

112 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वन विभाग को दी सूचना

घटना की सूचना मिलने के बाद कंचन क्रांति न्यूज के पत्रकार ने सुबह 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों में सिपाही पुष्पेंद्र कुमार और महिला आरक्षी स्वाति सक्सेना तथा सीता शामिल थीं। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक लिखापढ़ी करने के बाद वन विभाग के अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।इस दौरान ग्रामीण नीरज सिंह और सोनू सिंह उर्फ अजीत ने भी पुलिस को घटना से संबंधित जानकारी दी।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822