• देवघर और मोहनपुर के कई मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, बीएलओ-बीएलए की बैठक और चुनाव पाठशाला की प्रगति जांची
  • आमगाछी में बीएलओ सुपरवाइजर की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी, एसडीओ को शो-कॉज जारी कर वेतन रोकने का निर्देश

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को लेकर जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार, 4 नवंबर 2026 को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने देवघर और मोहनपुर प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर चल रही बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) एवं बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) की संयुक्त बैठकों के साथ चुनाव पाठशाला की गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जहां उन्होंने निर्वाचन कार्यों की प्रगति पर संतोषजनक तरीके से काम करने के निर्देश दिए, वहीं एक मतदान केंद्र पर बीएलओ सुपरवाइजर की अनुपस्थिति को गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई का आदेश भी दिया।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि मतदाता पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और सूची में मौजूद त्रुटियों का नियमानुसार निराकरण हो, इसे प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

देवघर और मोहनपुर के आठ मतदान केंद्रों का निरीक्षण

निरीक्षण कार्यक्रम के तहत उपायुक्त ने सबसे पहले देवघर प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 246, 247 और 248 का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने मोहनपुर प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 450, 408, 409, 382 और 384 का निरीक्षण किया।

इन सभी मतदान केंद्रों पर उन्होंने बीएलओ और बीएलए-2 की संयुक्त बैठकों की स्थिति, आपसी समन्वय तथा चुनाव पाठशाला के माध्यम से मतदाताओं को दी जा रही जानकारी की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित कर्मियों से निर्वाचन कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ और बीएलए के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। संयुक्त बैठकों का उद्देश्य मतदाता सूची से संबंधित दावों, आपत्तियों और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाना है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता अपना पंजीकरण कराने से वंचित न रह जाए।

आमगाछी में सुपरवाइजर की अनुपस्थिति पर उपायुक्त सख्त

औचक निरीक्षण के दौरान आमगाछी स्थित मतदान केंद्र पर बीएलओ सुपरवाइजर अनुपस्थित पाए गए। इस पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़े कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण और जिम्मेदारी वाले होते हैं। ऐसे में संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति तथा अपने दायित्वों के प्रति जवाबदेही अनिवार्य है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी (देवघर) रवि कुमार को संबंधित बीएलओ सुपरवाइजर के विरुद्ध तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उनका वेतन रोकने की कार्रवाई करने को भी कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद

उपायुक्त के इस निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी (देवघर) रवि कुमार, अंचलाधिकारी (देवघर) अनिल कुमार, अंचलाधिकारी (मोहनपुर) अमृता, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी, बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर उपस्थित थे।

जिला प्रशासन के इस औचक निरीक्षण को मतदाता पुनरीक्षण कार्यों में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822