आंदोलनरत छात्रों ने आरोप लगाया है कि छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो को अस्पताल में जबरन रोका जा रहा है। छात्र नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मेडिकल रिपोर्ट दिखाने और उन्हें तुरंत आंदोलन स्थल पर भेजने की मांग की है।


रांची। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो को अस्पताल से रिलीज कर वापस आंदोलन स्थल पर भेजने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों और छात्रों का विरोध तेज हो गया है। गुरुवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान छात्र नेता राम अवतार महतो और मुकेश कुमार ने आरोप लगाया कि प्रशासन देवेंद्र नाथ महतो को जबरन अस्पताल में रोककर रख रहा है, जिससे आंदोलनरत छात्रों के बीच भारी आक्रोश पनप रहा है।


प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राम अवतार महतो और मुकेश कुमार ने कहा कि देवेंद्र नाथ महतो को जबरन अस्पताल में बनाए रखना प्रशासनिक मंशा पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने साफ लहजे में कहा, "अगर देवेंद्र नाथ को वास्तव में कोई गंभीर मेडिकल समस्या है, तो प्रशासन को उनकी आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट सार्वजनिक करनी चाहिए और छात्रों को दिखानी चाहिए। बिना किसी स्पष्ट मेडिकल कारण के उन्हें रोकना गलत है।"


छात्र नेताओं ने बताया कि देवेंद्र नाथ महतो इस आंदोलन के मुख्य अगुआ हैं। उनके प्रदर्शन स्थल पर उपस्थित रहने से अभ्यर्थियों और छात्रों का मनोबल बढ़ता है और आंदोलन को नई मजबूती मिलती है। वर्तमान में प्रदर्शन स्थल पर मौजूद सभी छात्र बेसब्री से उनके लौटने का इंतजार कर रहे हैं।


नेताओं ने चेतावनी दी कि प्रशासन के इस रवैये से छात्रों का धैर्य जवाब दे रहा है। यदि देवेंद्र नाथ महतो को जल्द से जल्द अस्पताल से रिलीज कर आंदोलन स्थल पर नहीं भेजा गया, तो छात्र अपने विरोध प्रदर्शन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे।



Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822