जमुई के मलयपुर रेलवे फाटक के पास ट्रेन के आगे कूदकर 50 वर्षीय महिला अंजू देवी ने आत्महत्या कर ली। घरेलू विवाद के चलते यह कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है। रेल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ए. आलम, जमुई।
क्यूल-झाझा रेलखंड के मलयपुर रेलवे फाटक के पोल संख्या 393/4 के पास एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ शनिवार की देर रात एक महिला ने ट्रेन के आगे छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद रेल पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
घरेलू विवाद के चलते घर से निकली थीं महिला
मृतका की पहचान मलयपुर निवासी अशोक सिंह की 50 वर्षीय पत्नी अंजू देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मृतका का घर रेलवे ट्रैक से कुछ ही दूरी पर स्थित है। प्रारंभिक अनुमान लगाया जा रहा है कि घरेलू विवाद के कारण महिला शनिवार की रात अचानक घर से निकल गई थी। परिजन पूरी रात उनकी तलाश करते रहे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया।
पुलिस कर रही है मामले की छानबीन
रविवार की सुबह जब रेल पुलिस को घटना की जानकारी मिली, तो रेलवे ट्रैक से क्षत-विक्षत अवस्था में शव को बरामद किया गया। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में परिजनों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। महिला की अचानक हुई इस मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रेल पुलिस हर एंगल से इस मामले की गंभीरता से जांच-पड़ताल कर रही है।
...........................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822