पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर में बिजली के झूलते तार की चपेट में आने से दो शिशु हाथियों समेत तीन हाथियों की दर्दनाक मौत। पढ़ें पूरी डिजिटल रिपोर्ट
चाकुलिया/पश्चिम मेदिनीपुर। पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के पिराकाटा रेंज अंतर्गत रंजा बीट क्षेत्र के हाड़तोड़ा मैदान में रविवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। बिजली के नंगे और नीचे झूल रहे तारों की चपेट में आने से दो शिशु हाथियों समेत कुल तीन हाथियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है और वन विभाग में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रविवार की सुबह एक मादा हाथी अपने दो बच्चों के साथ हाड़तोड़ा मैदान के पास से गुजर रही थी। इस क्षेत्र में बिजली के तार जमीन से काफी कम ऊंचाई पर झूल रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ते से गुजरने के दौरान हाथी दुर्भाग्यवश इन लाइव तारों की चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना तेज था कि तीनों हाथियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
सुबह-सुबह इस घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय वन विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग और बिजली विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं।
स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में बिजली के तार बहुत नीचे लटक रहे थे, जिसकी कई बार शिकायत भी की गई थी, लेकिन विभाग की लापरवाही के कारण आज तीन बेकसूर वन्यजीवों की जान चली गई। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822