धनबाद के गोविंदपुर में सब्जी खरीदने निकले 85 वर्षीय फटिक चंद्र दास को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया है।
धनबाद । गोविंदपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 85 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। हादसे में उनका बायां हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। आनन-फानन में स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें इलाज के लिए धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर के भितिया निवासी 85 वर्षीय फटिक चंद्र दास शुक्रवार को अपने घर से रोजाना की तरह सब्जी खरीदने के लिए निकले थे। बाजार की ओर जाने के दौरान जैसे ही वह सड़क पार करने लगे, तभी एक अनियंत्रित वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि बुजुर्ग दूर जा गिरे। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से तेजी से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों का जमावड़ा लग गया। स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए गोविंदपुर पुलिस को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल फटिक चंद्र दास को तत्काल एंबुलेंस से धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में डॉक्टरों ने जांच के बाद तुरंत इलाज शुरू किया। चिकित्सकों के मुताबिक, बुजुर्ग के बायें हाथ में गंभीर चोटें आई हैं और काफी खून बह चुका है।
घटना की जानकारी मिलते ही फटिक चंद्र दास के रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुंचे। इधर, गोविंदपुर पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन का सुराग लगाया जा सके।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com