अररिया के भरगामा में अवैध पटाखा निर्माण के दौरान भीषण विस्फोट से दो मकान ध्वस्त। बच्चे के सिर के अवशेष मिलने से दहशत, पुलिस और FSL टीम जांच में जुटी।

अररिया: जिले के भरगामा प्रखंड मुख्यालय से सटे पश्चिम वार्ड संख्या आठ स्थित मुस्लिम टोला में शुक्रवार देर शाम अवैध पटाखा निर्माण के दौरान हुए एक भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। बारूद के जबरदस्त धमाके से आसपास के दो पक्के मकान ताश के पत्तों की तरह ढहकर मलबे में तब्दील हो गए। धमाका इतना तीव्र था कि कई सौ मीटर के दायरे में भूकंप जैसा कंपन महसूस हुआ और घरों के शीशे चटक गए। मलबे की तलाशी के दौरान एक मासूम बच्चे के सिर के क्षत-विक्षत टुकड़े मिलने से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है।

धमाके की गूंज से मची भगदड़, कई परिवार भागे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार की शाम करीब साढ़े सात बजे अचानक हुए जोरदार धमाके से पूरा गांव हिल उठा। आसमान में धूल और काले धुएं का गुबार छा गया। जब धुआं छंटा, तो वार्ड संख्या आठ स्थित दो मकान जमींदोज मिले। हादसे के बाद डर के मारे कई परिवारों ने अपने घरों में ताला लगा दिया और रातों-रात अज्ञात स्थानों के लिए फरार हो गए। घरों के खाली मिलने से पुलिस को आशंका है कि धमाके में कई अन्य लोग भी गंभीर रूप से झुलसे या हताहत हुए हैं, जिन्हें डर के मारे छिपा दिया गया है।

रातभर घटनास्थल पर डटी रही पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी जितेंद्र कुमार, डीएसपी मुख्यालय संतोष कुमार पोद्दार, सर्किल इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह, भरगामा थानेदार राजेश कुमार और अपर थानेदार सोनू कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने पूरी रात घटनास्थल पर कैंप कर राहत व बचाव कार्यों की निगरानी की। वैज्ञानिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए आसपास कड़ा पहरा बैठा दिया गया है।

एफएसएल (FSL) और बम निरोधक दस्ता (BDS) तलब

तलाशी के दौरान पुलिस को मलबे से एक छोटे बच्चे के सिर के टुकड़े मिले हैं, जिससे सनसनी फैल गई है। हालांकि, अवशेष किसके हैं और मौके पर अन्य शव दबे हैं या नहीं, इसकी पुष्टि अभी बाकी है। घटना की तकनीकी जांच के लिए राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) और बम निरोधक दस्ते (BDS) की टीमों को बुलाया गया है।

मौके पर मौजूद एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया, मो. अख्तर के घर में यह धमाका हुआ है, जिससे दो घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। घटनास्थल पर पटाखे की लड़ियां बिखरी मिली हैं और घर के लोग फरार हैं। एक बच्चे के सिर के अवशेष मिले हैं जिन्हें सुरक्षित रखा गया है। फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मृतकों या घायलों की सही संख्या स्पष्ट हो सकेगी। अवैध पटाखा कारोबार से जुड़े जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822