औरंगाबाद के रफीगंज में पारिवारिक विवाद के चलते घर में आग लगाने से पिता और भांजी की मौत, एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल। पुलिस जांच में जुटी।

औरंगाबाद। जिले के रफीगंज प्रखंड के कासमा थाना क्षेत्र के मियांबिगहा गांव में शुक्रवार की मध्य रात्रि पारिवारिक विवाद के दौरान घर में लगी आग से झुलसकर पिता और उनकी एक भांजी (साले की पुत्री) की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी भांजी गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद इलाके में कोहराम और भारी सनसनी फैल गई है।

सोते वक्त घर में लगाई गई आग, मची अफरा-तफरी

ग्रामीणों के अनुसार, मियांबिगहा गांव निवासी मोहम्मद सलीम और उनके बड़े पुत्र इश्तेखार के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते पुत्र इश्तेखार ने सोते समय घर में आग लगा दी, जिससे तीनों बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची कासमा पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और सभी घायलों को तुरंत रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

गया मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान तोड़ा दम

रफीगंज सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल, औरंगाबाद रेफर किया गया। वहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया। इलाज के दौरान मोहम्मद सलीम और आफरीन परवीन की मौत गया मेडिकल कॉलेज में हो गई, जबकि चांदनी परवीन की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।

हादसे में मोहम्मद सलीम (उम्र 50 वर्ष, मियांबिगहा निवासी), आफरीन परवीन (उम्र 18 वर्ष, पुत्री मो. तोहिद, निवासी बुधपुर, गुरारू, गया) की मौत हो गई जबकि चांदनी परवीन (उम्र 16 वर्ष, पुत्री मो. तोहिद) घायल है। बताया गया कि दोनों बहनें पिछले 5-6 वर्षों से अपने फुफा मोहम्मद सलीम के घर मियांबिगहा में ही रहकर पढ़ाई कर रही थीं।

  घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सदर-2 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) आदित्य कुमार, रफीगंज सर्किल इंस्पेक्टर विनय कृष्ण प्रसाद, कासमा थानाध्यक्ष रुपेश कुमार, एसआई अवधेश कुमार, एसआई नवीन कुमार, एएसआई शेख शेरे अली और रफीगंज अग्निशमन प्रभारी मुन्ना कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।

   सदर-2 एसडीपीओ आदित्य कुमार ने बताया कि इस हृदयविदारक घटना में दो लोगों की मौत हुई है। मृतक सलीम अपने साले की दोनों पुत्रियों को अपने घर पर रखे हुए थे, जिसको लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा था। घर में आग कैसे लगी और इसके पीछे की असल वजह क्या है, इसकी गहन तकनीकी और वैज्ञानिक जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी और आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822