बांका जिले के फुल्लीडुमर प्रखंड के बीडीओ अमित प्रताप सिंह को पटना निगरानी विभाग की टीम ने 75 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। रिश्तेदार भी पकड़ा गया। पढ़ें पूरी खबर।

आमोद कुमार दुबे, बांका।

बिहार के बांका जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी खबर सामने आई है। पटना निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने मंगलवार सुबह फुल्लीडुमर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अमित प्रताप सिंह को 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई निगरानी DSP श्यामबाबू प्रसाद के नेतृत्व में की गई। टीम ने रिश्वत के पैसों की लेन-देन में शामिल बीडीओ के रिश्तेदार बच्चन कुमार को भी हिरासत में लिया है। दोनों को गिरफ्तार कर निगरानी टीम पटना ले गई है।

 

विकास योजनाओं में मांग रहे थे 5% कमीशन

निगरानी DSP श्यामबाबू प्रसाद ने बताया कि फुल्लीडुमर के प्रखंड प्रमुख गौतम प्रकाश ने निगरानी थाने में बीडीओ के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि बीडीओ अमित प्रताप सिंह प्रखंड में चल रही विकास योजनाओं के एवज में 5 प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर निगरानी विभाग ने गुप्त जांच कराई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद बीडीओ को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया।

 

किराए के मकान से हुई गिरफ्तारी

तय योजना के मुताबिक, मंगलवार सुबह प्रखंड प्रमुख रिश्वत की अग्रिम राशि 75 हजार रुपये देने बांका शहर के नेहरू कॉलोनी (वार्ड संख्या-7) स्थित बीडीओ के किराए के आवास पर पहुंचे। जैसे ही पैसे दिए गए, आसपास मुस्तैद निगरानी की टीम ने बीडीओ और उनके रिश्तेदार बच्चन कुमार को दबोच लिया। रिश्वत की पूरी रकम बच्चन कुमार की पैंट की जेब से बरामद की गई।

 

निगरानी विभाग के अनुसार, आरोपी बीडीओ अमित प्रताप सिंह मूल रूप से बांका थाना क्षेत्र के पलीहार गांव के निवासी हैं, जबकि उनका रिश्तेदार बच्चन कुमार बोंसी थाना क्षेत्र के झपनिया गांव का रहने वाला है।

 

एक दिन पहले मारपीट मामले में दर्ज कराई थी FIR

गौरतलब है कि गिरफ्तारी से ठीक एक दिन पहले (सोमवार को) फुल्लीडुमर प्रखंड कार्यालय में बीडीओ अमित प्रताप सिंह के साथ मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में बीडीओ की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व मुखिया को गिरफ्तार किया था, जिसके विरोध में समर्थकों ने 3 घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। इस घटना के ठीक अगले ही दिन बीडीओ की घूसखोरी में गिरफ्तारी के बाद प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया है। पूरे जिले में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

.......................................................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822