शौचालय जाने की बात कहकर घर से निकला था किशोर, देर रात पोखर में मिला शव; सीओ ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर चार लाख रुपये मुआवजे की अनुशंसा का दिया भरोसा

आमोद कुमार दुबे, बांका।

बांका जिले के चांदन प्रखंड अंतर्गत असुठा पंचायत के कुसुमघट गांव में पोखर में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी दिलीप यादव के पुत्र संदीप कुमार के रूप में हुई है। शनिवार की शाम घर से निकला संदीप जब देर रात तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद गांव के बाहर स्थित पोखर में उसका शव तैरता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

जानकारी के अनुसार, संदीप शनिवार की शाम शौचालय जाने की बात कहकर घर से निकला था। वह गांव के बाहर पोखर की ओर गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों और उसके दोस्तों से पूछताछ कर तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

देर रात कुछ ग्रामीण जब गांव के बाहर उसकी तलाश कर रहे थे, तभी पोखर में एक शव तैरता दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर शव की पहचान संदीप कुमार के रूप में हुई। इसकी सूचना तत्काल परिजनों और अन्य ग्रामीणों को दी गई। खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग पोखर के पास जुट गए। देर रात ही संदीप के शव को पोखर से बाहर निकाला गया और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बांका भेजा

घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके निर्देश और निगरानी में शव को पोखर से बाहर निकालने की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया।

संदीप तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। किशोर की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद से कुसुमघट गांव में शोक का माहौल है। परिजनों के विलाप से हर किसी की आंखें नम हो गईं।

चार लाख रुपये मुआवजे की अनुशंसा का आश्वासन

घटना के बाद अंचलाधिकारी प्रशांत शांडिल्य ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की मुआवजा राशि उपलब्ध कराने के लिए अनुशंसा की जाएगी। इससे आपदा की इस घड़ी में पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता मिल सकेगी।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822