कुर्मी क्षत्रिय महासभा और सरदार पटेल सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में हुआ आयोजन, वक्ताओं ने लौह पुरुष के योगदान और राष्ट्रीय एकता के महत्व पर डाला प्रकाश
रविशंकर सिंह, रायबरेली।
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती रायबरेली में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। अखिल भारतीय कूर्मि क्षत्रिय महासभा एवं सरदार वल्लभभाई पटेल सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में सरदार पटेल संस्थान परिसर में जयंती समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कूर्मि क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय सचिव मानसिंह पटेल ने कहा कि आज जिस विशाल और अखंड भारत का स्वरूप हम देख रहे हैं, उसके निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल का अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने 565 से अधिक देशी रियासतों का भारतीय संघ में विलय कर देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि सरदार पटेल की विरासत और उनके द्वारा स्थापित राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के मूल्यों को और मजबूती से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। देश की सीमाओं पर पड़ोसी देशों से उत्पन्न होने वाली चुनौतियों के बीच राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर उनकी दूरदर्शिता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की भावना से प्रेरणा लेनी चाहिए।
संस्थान परिसर में आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग
मानसिंह पटेल ने कहा कि रायबरेली के सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा सरदार पटेल संस्थान परिसर में स्थापित कराने की मांग की गई थी। हालांकि, इस मांग पर अब तक अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई है। उन्होंने आग्रह किया कि इस ऐतिहासिक और प्रेरणादायी कार्य को प्राथमिकता दी जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां सरदार पटेल के योगदान और विचारों से प्रेरणा ले सकें।
समारोह में महासभा के जिलाध्यक्ष जयकरण वर्मा और जिला महासचिव दुर्गेंद्र वर्मा एडवोकेट ने भी सरदार पटेल के जीवन संघर्ष, राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका तथा देश की एकता और अखंडता के लिए किए गए ऐतिहासिक प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
अखिल भारतीय अपना दल के जिलाध्यक्ष जवाहरलाल पटेल ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जिस प्रकार जर्मनी के एकीकरण में बिस्मार्क की ऐतिहासिक भूमिका रही, उसी प्रकार भारत के एकीकरण में सरदार पटेल का योगदान अविस्मरणीय है। उनके महान व्यक्तित्व और दृढ़ नेतृत्व के कारण ही उन्हें लौह पुरुष कहा जाता है।
माल्यार्पण कर दी गई श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित गणमान्य लोगों और समाज के प्रबुद्धजनों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर अखिल भारतीय अपना दल के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण पासवान, मंडल प्रभारी करुणा शंकर पटेल, महासभा के प्रदेश सचिव देवेश पटेल, जिला उपाध्यक्ष पवन पटेल, बद्री विशाल पटेल, राकेश पटेल, राम सिंह पटेल, जिला कोषाध्यक्ष सुशील पटेल, जिला सचिव उमेश पटेल, चौधरी प्रदीप कुमार सिंह एडवोकेट, मुकेश पटेल, रमाकांत पटेल, दिलीप पटेल, आलोक पटेल, अनिकेत पटेल, सचिन कुमार पटेल, दीपक पटेल, संगठन मंत्री मदन पटेल, सचिन पटेल बादशाह, आशीष पटेल, रविकांत पटेल, शिवांशु पटेल, विमलेश पटेल, राहुल वर्मा, धर्मराज पटेल, पवन वर्मा एडवोकेट और सुरेंद्र वर्मा सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सरदार पटेल जयंती 2026, रायबरेली राष्ट्रीय एकता दिवस, सरदार वल्लभभाई पटेल 151वीं जयंती, कूर्मि क्षत्रिय महासभा रायबरेली, सरदार पटेल सेवा संस्थान, राहुल गांधी से प्रतिमा स्थापना की मांग, सरदार पटेल आदमकद प्रतिमा, राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह, रायबरेली समाचार
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822