बालिका खिलाड़ियों की बूट की समस्या पर डॉ. सुनील खवाड़े ने दिखाई तत्परता, 12 खिलाड़ियों के लिए कोच को दिए 10 हजार रुपये
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। जिला ओलंपिक संघ सह जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े ने स्थानीय इनडोर स्टेडियम में आयोजित समारोह में विजेता टीमों और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों की खेल संबंधी जरूरतों पर भी ध्यान दिया और बालिका टीम के लिए जूते (बूट) खरीदने को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।
25 अक्टूबर को संपन्न जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में विजेता रही देवघर की बालक एवं बालिका टीम को डॉ. सुनील खवाड़े ने 11-11 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की। वहीं, प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए सारवां के सुजीत को पांच हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया। सबसे कम उम्र के खिलाड़ी राजकुमार को भी सांत्वना पुरस्कार के रूप में नकद राशि दी गई।
सम्मान समारोह के दौरान बालिका वर्ग की खिलाड़ियों ने डॉ. खवाड़े के समक्ष बूट की समस्या रखी। खिलाड़ियों ने बताया कि पर्याप्त बूट उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें खेल के दौरान परेशानी होती है। इस पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए टीम की 12 खिलाड़ियों के लिए बूट खरीदने के उद्देश्य से 10 हजार रुपये की राशि कोच को सौंपी।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. सुनील खवाड़े ने कहा कि खिलाड़ियों को मैदान में मेहनत करनी चाहिए और कोच उन्हें बेहतर प्रशिक्षण दें। जिला कबड्डी संघ खिलाड़ियों को अनुकूल माहौल और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को तलाशकर सामने लाना है, ताकि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर देवघर का नाम रोशन कर सकें।

कार्यक्रम में झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल), बासुकीनाथ के सहायक अभियंता राजकमल, जिला ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष संजय मालवीय, जिला कबड्डी संघ के सचिव धर्मेंद्र देव, आशुतोष कुमार उर्फ जिमी, योगेंद्र तिवारी उर्फ जोगी, जिला कबड्डी संघ के संयुक्त सचिव अशरफ अली खान, मनोज पांडेय सहित दोनों टीमों के पदाधिकारी एवं कोच मौजूद रहे। इनमें ललित कुमार झा, रोहित कुमार मिश्रा, अमित राउत, दुर्गेश कुमार, विक्रम कुमार, कौशल कुमार और नितेश झा उर्फ साजन शामिल थे।
प्रदर्शनी मैच में सारवां की दोनों टीमें विजयी
सम्मान समारोह से पहले आयोजित प्रदर्शनी मैच में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग का पहला मुकाबला आर मित्रा स्कूल, देवघर और सारवां की एनपीसीएच बालिका टीम के बीच खेला गया। इसमें सारवां की टीम ने जीत दर्ज की। वहीं, बालक वर्ग में देवघर और सारवां की टीमों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें सारवां की टीम विजयी रही।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822