बांका सांसद गिरिधारी यादव ने पुलिस पर बिना वारंट आधी रात घर की तलाशी लेने का आरोप लगाया है। वहीं, एसपी अमितेश कुमार ने सफाई देते हुए मामले से सांसद का कोई संबंध होने से इनकार किया।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, बांका

 

जदयू के बांका सांसद गिरिधारी यादव ने बांका पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। रविवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में सांसद ने कहा कि शनिवार की देर रात करीब 11:30 बजे पुलिस बिना किसी वारंट के उनके देवघर, चांदन और पैतृक गांव स्थित आवास पर छापेमारी करने पहुंची।

 

सांसद ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने एसपी के आदेश का हवाला देकर उनके घर की तलाशी ली और उनकी पद-प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई। उन्होंने कहा कि उनके या उनके परिवार के किसी सदस्य पर कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है, फिर भी ऐसी कार्रवाई एक षड्यंत्र का हिस्सा लगती है। सांसद ने एसपी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिला। इस मामले को लोकतंत्र की हत्या बताते हुए उन्होंने बिहार सरकार और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

 

एसपी की सफाई: आरोपियों की तलाश में गई थी टीम

मामले में बांका एसपी अमितेश कुमार ने सांसद के आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि पुलिस सांसद के घर छापेमारी करने नहीं गई थी। पुलिस प्रिंस कंस्ट्रक्शन के संवेदक लालधारी यादव और ओंकार यादव की तलाश में गई थी, जिन पर सरकारी जमीन से अवैध मिट्टी कटाई का मामला दर्ज है। एसपी के मुताबिक, इस कार्रवाई का सांसद या उनके परिवार से कोई लेना-देना नहीं है।

 

...........................................................................................

 

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822