प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल पूरे होने पर देवघर में 'संकल्प ज्योति यात्रा' व कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने 'विकसित भारत के निर्माण' की शपथ ली। सांसद निशिकांत दुबे ने कार्यक्रम को संबोधित किया।

 तरुण कुमार कंचन, देवघर।

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सेवा और समर्पण' के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देवघर के आर.एल. सर्राफ हाईस्कूल मैदान में 'संकल्प ज्योति यात्रा' और एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर गोड्डा के लोकप्रिय सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2047 तक भारत को एक सशक्त, समृद्ध और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में अपना सर्वोच्च योगदान देने की शपथ ली।

'विकसित भारत के निर्माण' की ली गई सामूहिक शपथ

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित हजारों कार्यकर्ताओं और अतिथियों ने "विकसित भारत का संकल्प" प्रपत्र के तहत शपथ ली कि वे भारत के एक जागरूक नागरिक के रूप में देश के निर्माण हेतु अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और संकल्प को समर्पित करेंगे। शपथ के मुख्य बिंदुओं में बड़े सपने देखने, कठिन परिश्रम करने, ज्ञान-नवाचार व तकनीक के माध्यम से चुनौतियों को अवसरों में बदलने, तथा अमृत काल की भावना से प्रेरित होकर अपने कर्तव्यों का निष्ठा, समर्पण और सेवाभाव से निर्वहन करने का संकल्प शामिल रहा। इसके साथ ही, कार्यकर्ताओं ने संथाली भाषा को बढ़ावा देने और समाज व राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का प्रण लिया।

कांग्रेस पर तीखा हमला

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार देवघर में कांग्रेस कार्यालय समाप्त हो गया और पिछले 7 वर्षों में भी नया जिला कार्यालय नहीं बन सका, ठीक उसी तरह कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनके परिवार की राजनीतिक स्थिति ऐसी कर दी जाएगी कि उनके लिए वार्ड स्तर का चुनाव जीतना भी मुश्किल हो जाएगा।

संथाल परगना में डेमोग्राफी बदलाव और घुसपैठ पर गहरी चिंता

सांसद ने संथाल परगना और पूरे झारखंड में आदिवासियों की घटती जनसंख्या पर सबसे बड़ी चिंता जाहिर की। उन्होंने आंकड़े रखते हुए बताया कि 1951 में संथाल परगना में 7 प्रतिशत मुसलमान थे, जो बढ़कर 27 प्रतिशत हो गए हैं और आगामी जनगणना में यह संख्या 30 प्रतिशत तक पहुँच सकती है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आदिवासियों को बचाने के लिए भाजपा ने 'जमाई टोला' से घुसपैठियों को खदेड़ने का संकल्प लिया है। साथ ही, उन्होंने संथाली भाषा को देवनागरी लिपि में लिखने और पढ़ने का भी जोरदार आह्वान किया।

विकास कार्यों का जिक्र और बेबाक बयान

सर्राफ हाईस्कूल मैदान में सांसद ने साफगोई से स्वीकार किया कि उन्होंने विधानसभा चुनाव के दौरान देवघर सीट से नारायण दास की उम्मीदवारी का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद संथाल परगना में एयरपोर्ट, एम्स, पुनासी डैम, गोड्डा में रेल लाइन व अडानी पावर प्लांट और दुमका में मेडिकल कॉलेज जैसे कई बड़े ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं।

कार्यक्रम में उपस्थिति नेता

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने की तथा संचालन जिला महामंत्री अभयानंद झा ने किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का लाइव संबोधन हजारों कार्यकर्ताओं ने सुना। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि सांसद डॉ. निशिकांत दुबे द्वारा मशाल प्रज्वलित कर 'संकल्प ज्योति रथ यात्रा' निकाली गई, जो सर्राफ मैदान से शुरू होकर बस स्टैंड झरना चौक तक पहुँची जहाँ मशाल गाड़ी गई।

 इस अवसर पर सुनील मिश्रा, संजीव जजवाड़े, संजय यादव, अधीरचंद्र भैया, पप्पू यादव, पंकज सिंह भदोरिया, विजया सिंह, मुकेश पाठक, सुलोचना देवी, मनोज मिश्रा, संतोष मुर्मू, अलका सोनी, जयकांत मंडल, महेश राय, दिवाकर गुप्ता, सचिन सुल्तानिया, गौरी शंकर शर्मा, अमृत मिश्रा, सोना धारी झा, विश्वनाथ रवानी, तूफान महथा सहित हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

..........................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822