बरवाअड्डा की पंडुकी पंचायत के मंझलाडीह गांव में आवागमन की समस्या को दूर करने के लिए परशुराम व प्रहलाद हाजरा ने अपनी 5 डिसमिल रैयती जमीन दान में दी।


बरवाअड्डा। पंडुकी पंचायत अंतर्गत मंझलाडीह गांव के हाजरा टोला में लंबे समय से चली आ रही सड़क की समस्या का समाधान आखिरकार ग्रामीणों की पहल से हो गया। गांव में पक्की सड़क न होने और आवागमन की निजी व सार्वजनिक दिक्कतों को देखते हुए सोमवार को स्थानीय निवासी परशुराम हाजरा और प्रहलाद हाजरा ने एक सराहनीय कदम उठाया। उन्होंने गांव के विकास और सड़क निर्माण के लिए अपनी 5 डीसमिल रैयती जमीन स्वेच्छा से दान कर दी।


मंझलाडीह गांव के हाजरा टोला में सड़क निर्माण के लिए पर्याप्त जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आए दिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बारिश और आपातकालीन स्थिति में गाड़ियों का आना-जाना पूरी तरह ठप हो जाता था। हालांकि, स्थानीय जनप्रतिनिधि लंबे समय से सड़क बनवाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन जमीन का पेच आड़े आ रहा था।


सड़क के अभाव में ग्रामीणों की तकलीफों को देखते हुए परशुराम हाजरा और प्रहलाद हाजरा ने आगे आकर दरियादिली दिखाई। उन्होंने अपनी निजी जमीन में से 250 फीट लंबी और 8 फीट चौड़ी (कुल 5 डिसमिल) भूमि सड़क निर्माण हेतु दान दे दी। इस योगदान के बाद अब टोले में चौड़ी और सुगम सड़क बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।


इस सामाजिक पहल के लिए पूरे गांव ने परशुराम हाजरा और प्रहलाद हाजरा का आभार व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की है। मौके पर मौजूद जिला परिषद प्रतिनिधि एजाज अहमद ने कहा कि यह कदम समाज के लिए एक प्रेरणा है। उन्होंने क्षेत्र के अन्य लोगों से भी अपील की कि यदि थोड़ी सी जमीन दान देने से पूरे गांव का विकास और लोगों की भलाई होती है, तो सभी को आगे आकर सहयोग करना चाहिए।


Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822