गोड्डा के कंचन लॉज में किराए पर रहकर पढ़ाई कर रहे 12वीं के छात्र गोपाल पंडित का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। पुलिस मोबाइल जब्त कर जांच में जुटी है।

जितेंद्र कुमार दुबे, गोड्डा

शहर में किराए के मकान (लॉज) में रहकर पढ़ाई कर रहे 12वीं कक्षा के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। छात्र का शव कमरे में पंखे से फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मृतक छात्र की पहचान मल्हारा गांव निवासी बाल किशोर पंडित के पुत्र गोपाल पंडित के रूप में हुई है। गोपाल प्लस टू उच्च विद्यालय जमनी पहाड़पुर में 12वीं कक्षा का छात्र था। वह दो भाइयों में छोटा था और पिछले दो वर्षों से गोड्डा शहर के केंद्रीय विद्यालय के बगल वाली गली में स्थित 'कंचन लॉज' के एक कमरे में किराए पर रहकर पढ़ाई कर रहा था।

परिजन पहुंचे गोड्डा, मचा कोहराम

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बेटे की असामयिक और संदिग्ध मौत की खबर सुनकर परिवार के लोग आनन-फानन में गोड्डा पहुंचे। पढ़ाई के लिए घर से दूर रह रहे होनहार बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जब्त मोबाइल खंगाल रही पुलिस, कई पहलुओं पर जांच जारी

छात्र के इस आत्मघाती कदम या संदिग्ध मौत के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले में प्रेम-प्रसंग समेत विभिन्न पहलुओं से जोड़कर भी आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। नगर थाना पुलिस ने मौके से छात्र का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। पुलिस का मानना है कि मोबाइल के कॉल डिटेल, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच से घटना से ठीक पहले की परिस्थितियों के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी/पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असल वजह और परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822