गोड्डा के पोड़ैयाहाट सीएचसी में नवजात की मौत के मामले में उपायुक्त के निर्देश पर एम्बुलेंस चालक दीपक कुमार पंडित को सेवामुक्त कर दिया गया है।

जितेंद्र कुमार दुबे, गोड्डा।

 पोड़ैयाहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में एक नवजात शिशु की संदिग्ध मौत के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त लोकेश मिश्रा के आदेश और जांच प्रतिवेदन के आलोक में सिविल सर्जन ने पोड़ैयाहाट सीएचसी में कार्यरत एम्बुलेंस चालक दीपक कुमार पंडित को सेवा से कार्यमुक्त (बर्खास्त) कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते सप्ताह पोड़ैयाहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इस्माइल अंसारी की पत्नी ने एक बच्चे को जन्म दिया था। जन्म के बाद नवजात शिशु की हालत बिगड़ने पर उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, गोड्डा रेफर किया गया था। परिजनों का आरोप था कि सदर अस्पताल ले जाने के दौरान एम्बुलेंस चालक द्वारा ईंधन (तेल) के नाम पर पैसों की मांग की गई और समय पर ऑक्सीजन न मिलने तथा एम्बुलेंस की लपरवाही के कारण नवजात शिशु की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया था, हालांकि चालक ने सभी आरोपों से इनकार किया था।

विधायक ने उठाया था मामला, जांच के बाद हुई कार्रवाई

यह मामला पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव के क्षेत्र से जुड़ा हुआ था। उन्होंने इस संवेदनशील मामले को पूरी गंभीरता से लेते हुए विभागीय सचिव से लेकर मुख्यमंत्री तक आवाज उठाई थी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने तुरंत एक जांच कमेटी गठित कर रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया था। जांच समिति द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट और उसमें दोषी पाए जाने के आधार पर चालक के विरुद्ध यह आवश्यक कार्रवाई की गई है। इसी क्रम में सिविल सर्जन ने आरोपी चालक दीपक कुमार पंडित को सेवा से मुक्त करने का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। ................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822