बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में सीसीबी की छापेमारी के दौरान पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना की बैरक से एक एंड्रॉइड स्मार्टफोन जब्त किया गया। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।


बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु स्थित परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल (Parappana Agrahara Central Prison) में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। केंद्रीय अपराध शाखा (CCB) द्वारा मंगलवार को चलाए गए विशेष तलाशी अभियान के दौरान दुष्कर्म मामले में सजायाफ्ता पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना की बैरक से एक एंड्रॉइड स्मार्टफोन जब्त किया गया है।


महानिदेशक (जेल एवं सुधार सेवाएं) आलोक कुमार ने बुधवार को इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हाई-प्रोफाइल कैदियों और अन्य बंदियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीबी की टीम ने मंगलवार (11 अगस्त) को हाई सिक्योरिटी जेल परिसर में लगभग चार से पांच घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया था। इसी दौरान प्रज्वल रेवन्ना के पास से यह मोबाइल फोन बरामद हुआ।


पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज

डीजीपी आलोक कुमार के अनुसार, जेल परिसर के भीतर प्रतिबंधित वस्तु (स्मार्टफोन) मिलने के बाद सीसीबी की ओर से परप्पना अग्रहारा पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि हाई-सिक्योरिटी बैरक तक यह फोन कैसे पहुंचा और इसमें जेल प्रशासन के किन कर्मचारियों की मिलीभगत हो सकती है।


सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल

हाइ-प्रोफाइल कैदियों को रखी जाने वाली हाई-सिक्योरिटी बैरक में एंड्रॉइड स्मार्टफोन का मिलना जेल की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक माना जा रहा है। जांच अधिकारी अब बरामद फोन के कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) और डेटा की भी जांच करेंगे ताकि यह पता लगाया जा सके कि जेल के अंदर से रेवन्ना किन लोगों के संपर्क में थे।