अज्ञात बदमाशों ने घर में सो रही महिला को मारी गोली। गंभीर रूप से घायल महिला सदर अस्पताल सुपौल रेफर, पुलिस मामले की जांच में जुटी।


सुपौल। त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र की बड़कुरवा पंचायत अंतर्गत सिकयाही गांव में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती दी है। शुक्रवार की देर रात करीब एक बजे घर में सो रही एक महिला को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गोली महिला के दाएं पैर में लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

जख्मी महिला की पहचान सिकयाही गांव के वार्ड नंबर 7 निवासी पप्पू यादव की पत्नी डेजी कुमारी (25 वर्ष) के रूप में हुई है। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह शुक्रवार की रात अपने कमरे में सो रही थी। इसी दौरान अचानक दो अज्ञात अपराधी घर में घुस आए और उस पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद महिला की चीख-पुकार सुनकर बगल के कमरे में सो रही उसकी गोतनी और अन्य परिजन मौके पर दौड़े। गोतनी ने बताया कि उन्होंने दो संदिग्धों को अंधेरे का फायदा उठाकर घर से बाहर भागते हुए देखा, लेकिन रात का वक्त होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी।

घटना के तुरंत बाद परिजनों ने आनन-फानन में डायल-112 पुलिस को सूचना दी। डायल-112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जख्मी महिला को अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज पहुंचाया।

ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. बीएन पासवान ने बताया कि गोली महिला के दाएं पैर में लगी है जो आर-पार हो गई है। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई गई है, लेकिन बेहतर और उन्नत इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया गया है।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ दिलीप कुमार और थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर जख्मी महिला और उसके परिजनों से पूरी घटना की जानकारी ली।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। फिलहाल गोलीबारी के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस रंजिश, आपसी विवाद या अन्य तमाम संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है और फरार अपराधियों की धर-पकड़ के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।



सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822