नशे की हालत में ममेरे भाई ने की गुहिया पहाड़िया की हत्या। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, आरोपी की तलाश जारी। पढ़ें पूरी खबर।


साहिबगंज। झारखंड के साहिबगंज जिले के बोरियो थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के दुर्गाटोला स्थित नौगाछी गांव में बीते शुक्रवार की रात आपसी विवाद के चलते एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 39 वर्षीय गुहिया पहाड़िया के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका ममेरा भाई कतरू उर्फ चकरो पहाड़िया बताया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना की रात आरोपी कतरू उर्फ चकरो पहाड़िया अत्यधिक नशे की हालत में था। किसी बात को लेकर उसका अपने ममेरे भाई गुहिया पहाड़िया के साथ आपसी विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आरोपी ने गुहिया पहाड़िया के सिर पर किसी भारी चीज से जोरदार वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बोरियो थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। थाना प्रभारी रोहित कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, साहिबगंज भेज दिया है।

समाचार लिखे जाने तक पुलिस इस मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही थी। वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। इस घटना के बाद से नौगाछी गांव और उसके आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822